WFI चीफ पर सात खिलाड़ियों ने लगाए यौन शोषण का आरोप, जंतर-मंतर पर पहलवानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

7 खिलाड़ियों के साथ यौन शोषण के आरोपी कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं पहलवान, जंतर-मंतर पर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना

Updated: Apr 23, 2023, 11:44 PM IST

नई दिल्ली। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के प्रमुख बृजभूषण सिंह के खिलाफ 7 माहिल खिलाड़ियों के साथ यौन शोषण का आरोप लगाया है।
महिला पहलवानों ने सिंह के खिलाफ पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में FIR दर्ज कराने के लिए शिकायत दी है।
वहीं, गिरफ्तारी की मांग को लेकर देश के शीर्ष पहलवानों ने जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

वरिष्ठ पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा, "जब तक बृजभूषण को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक हम यहां से नहीं जाएंगे। हम यहीं सोएंगे और खाएंगे। हमारा धरना अब तब ही खत्म होगा, जब बृजभूषण सिंह को अरेस्ट किया जाएगा। हमारा सब्र जवाब दे चुका है। हम तीन महीने से खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और अन्य संबंधित अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। समिति के सदस्य हमें जवाब नहीं दे रहे हैं। खेल मंत्रालय ने भी कुछ नहीं कहा। वे हमारा फोन भी नहीं उठाते। हमने देश के लिए पदक जीते हैं और इसके लिए अपना करियर दांव पर लगा दिया है।"

पहलवान साक्षी मलिक ने कहा, "हमने 2 दिन पहले ही थाने में शिकायत दी थी। मगर अभी हमारी सुनवाई नहीं हुई, न ही FIR दर्ज हुई है। शिकायत देने वालों में एक नाबालिग समेत सात पहलवान शामिल हैं। ढाई महीने इंतजार करने के बाद हमने फिर से धरना का फैसला लिया है। 3 महीने हो गए, और हमें न्याय नहीं मिला, इसलिए हम फिर से विरोध कर रहे हैं। हम न्याय की मांग करते हैं, अभी तक FIR दर्ज नहीं की गई है। पहले हम से कहा जाता था कि FIR कराओ, अब हम FIR कराने जा रहे हैं तो पुलिस सुन नहीं रही है।"

साक्षी मलिक ने आगे कहा, "न हमें पता है कि कमेटियों ने जांच रिपोर्ट सबमिट की है या नहीं। लोग हमें ही झूठा बताने लगे थे। जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए, मगर अभी इसका कुछ अता पता नहीं है। एक लड़की का मामला कितना सेंसिटिव होता है, यह आप सब समझ सकते हैं।" मीडिया से बात करते हुए भारत को पदक दिलाने वाले एथलीट्स के आंसू भी छलके। साक्षी और विनेश रो पड़ीं। इन्होंने कहा कि पहलवानों को अब झूठा कहा जा रहा, जबकि वह सच्चाई की लड़ाई लड़ रही हैं। पहलवानों ने कहा कि WFI शक्तिशाली है तो क्या उन्हें न्याय नहीं मिलेगा?

विनेश फोगट ने कहा, "हम प्रधानमंत्री से कहना चाहते हैं कि वे हमारी मांगों को सुनें। हमने जो-जो शिकायतें की हैं उस पर कार्रवाई होना चाहिए। हमने देश के लिए पदक जीते हैं। हम झूठ के लिए यहां क्यों आएंगे। हम कुश्ती के लिए आए हैं। शिकायत करने वालों में एक माइनर भी है। पॉक्सो का मामला बनता है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।"