लखीसराय। बिहार के लखीसराय में सावन के तीसरे सोमवार को अशोकधाम मंदिर जाने वाले रास्ते पर सोमवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि, 23 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए हैं। इनमें 3 की हालत नाजुक है। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। हादसे की शुरुआत पुरुषों की लाइन की ओर एक खंभा गिरने के बाद हुई। जिसके बाद बिजली का करंट फैलने की अफवाह तेजी से भीड़ में फैल गई।

लखीसराय डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, खंभा गिरने के बाद लोगों के बीच यह बात फैल गई कि बिजली की चालू लाइन का तार श्रद्धालुओं पर गिर गया है। हालांकि, मौके पर गिरा तार बिजली का तार नहीं बल्कि डिश या इंटरनेट के लिए इस्तेमाल होने वाला केबल वायर था। अफवाह के कारण पुरुषों की ओर मौजूद भीड़ में दबाव बढ़ गया और उसका असर महिलाओं की कतार पर पड़ा। देखते ही देखते महिलाएं एक-दूसरे पर गिरने लगी और भगदड़ की स्थिति बन गई।

यह भी पढ़ें:NTA ने रद्द की UGC-NET की इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा, 9 और 10 सितंबर को होगा री एग्जाम

हादसे में जान गंवाने वाली चार महिलाओं की पहचान हो चुकी है। इनमें लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी और हेमलता देवी तथा मुंगेर की रिंकू देवी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। तीन घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक श्रद्धालु ने बताया कि मंदिर में दर्शन के लिए काफी संख्या में लोग लाइन में खड़े थे। इसी दौरान पोल गिरने और करंट फैलने की बात तेजी से फैली। डर के कारण लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इस दौरान बैरिकेडिंग टूट गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।

हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें भीड़ से निकलने के लिए कुछ लोग बैरिकेडिंग पर चढ़ते और उसे तोड़ने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में चीख पुकार के बीच सड़क से नीचे ढलान की ओर लोगों के खेत में गिरने का दृश्य भी नजर आता है।

यह भी पढ़ें:MP में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम, 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, बिहार के मंत्री केदार गुप्ता ने कहा कि अशोकधाम मंदिर में हुई घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सावन के तीसरे सोमवार को अशोकधाम में अचानक श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई थी। इसी दौरान करंट फैलने की अफवाह के कारण भगदड़ मची। जिसमें कई लोगों की जान चली गई। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लखीसराय हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि घटना में हुई जान-माल की हानि से वह व्यथित हैं और इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।

यह भी पढ़ें:विमल इलायची विज्ञापन पर शाहरुख, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को FDA का नोटिस, 15 दिन में मांगा जवाब