तिहाड़ जेल जाते समय सुशील कुमार के चेहरे पर दिखी मुस्कान, पुलिस के जवानों ने आरोपी पहलवान के साथ खिंचवाई फोटो

सुशील कुमार के साथ तस्वीर खिंचवाते दिल्ली पुलिसकर्मियों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिसके बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या सुशील कुमार को जेल में स्पेशल ट्रीटमेंट मिल रही है

Publish: Jun 25, 2021, 09:42 AM IST

नई दिल्ली। पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के आरोप में जेल में कैद ओलम्पिक मेडल विजेता सुशील कुमार और दिल्ली पुलिसकर्मियों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। वायरल फोटो में आरोपी सुशील कुमार के साथ दिल्ली पुलिस के जवान फोटो खिंचवाते दिख रहे हैं। यह फोटो उस दौरान की बताई जा रही है जब पहलवान को तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया जा रहा था।  

सुशील कुमार को अब तक मंडोली जेल में कैद रखा गया था। जिसके बाद सुशील कुमार को आज तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर और कुछ जवान सुशील कुमार के साथ तस्वीर खिंचवाते दिखे। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में सुशील कुमार को मुस्कुराते देखा जा सकता है।  

यह भी पढ़ें : सुशील कुमार ने दोस्तों को कहकर बनवाया था मारपीट का वीडियो, 6 दिन की रिमांड पर है पूर्व चैंपियन

सुशील कुमार की मुस्कुराती हुई पुलिस कर्मियों के साथ की तस्वीर देखकर लोग सवाल उठाने लगे हैं। तस्वीर वायरल होते ही यह चर्चा चल पड़ी है कि कहीं हत्त्या के आरोपी सुशील कुमार को तिहाड़ जेल में स्पेशल ट्रीटमेंट तो नहीं दिया जा रहा है। 

दूसरी तरफ सागर धनखड़ मामले में सुशील कुमार की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को सुशील कुमार की न्यायिक हिरासत 9 जुलाई तक के लिए बढ़ाई गई है। जिसके बाद सुशील कुमार को तिहाड़ जेल ले जाया गया है।