आखिरी सांस तक कांग्रेस के मूल्यों की रक्षा करूंगा, महाधिवेशन में बोले मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्लेनरी सेशन को संबोधित करते हुए कहा कि, "सेवा संघर्ष और बलिदान सबसे पहले हिंदुस्तान ये हमारा नारा होगा आज भारत सबसे कठिन दौर से गुजर रहा है, बीजेपी संसद से लेकर सभी संस्थाओं की मर्यादा तोड़ रही है।"

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज दूसरा दिन है। तय कार्यक्रम के अनुसार आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्लेनरी को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि "सेवा, संघर्ष और बलिदान सबसे पहले हिंदुस्तान" ये हमारा नारा है। उन्होंने कहा कि मैं आखिरी सांस तक कांग्रेस के मूल्यों की रक्षा करूंगा।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संबोधन में कहा, "यह कांग्रेस पार्टी में ही संभव है कि मुझ जैसे साधारण व्यक्ति को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। एक साधारण व्यक्ति जो कभी ब्लॉक अध्यक्ष था। मैं और आप गौरवशाली इतिहास की नुमाइंदगी कर रहे हैं।।भारत की आत्मा में कांग्रेस है, भारत की पीड़ा कांग्रेस जानती है और देशवासियों की तकलीफ कांग्रेस जानती है।"
खड़गे ने कहा, "देश भर में चारों फैल नफरत के माहौल के बीच और देशवासियों की टूटती उम्मीद के बीच राहुल गांधी जी ने रोशनी की एक उम्मीद और संघर्ष की मशाल उन्होंने जलाई। भारत जोड़ो यात्रा देश की उम्मीदों की उगते सूरज के सुबह का नाम है। बीजेपी ने देश में चारो तरफ नफरत का माहौल फैलाया है।"
LIVE: Day 2 of the Congress' 85th Plenary session in Nava Raipur, Chhattisgarh. #CongressVoiceOfIndia https://t.co/E3ElVwylnf
— Congress (@INCIndia) February 25, 2023
खड़गे ने आगे कहा, "आज देश बहुत कठिन चुनौतियों से गुजर है। सत्ता में बैठे लोगों ने देश के लोगों के अधिकारों और भारत के मुल्यों पर हमला बोल रखा है। आज इसलिए एक नए आंदोलन की शुरुआत जरुरत है। आज देश के सभी लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बैठकर और उठकर संकल्प लेकर कहना होगा। सेवा, संघर्ष और बलिदान, सबसे पहले हिंदूस्तान। यह हमारा नारा होगा। आज देश बहुत कठिन समय से गुजर रहा है।"
खड़गे ने कहा कि, "आज बीजेपी अपने सत्ता के स्वार्थ को लेकर संसद से लेकर सभी संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादओं को तोड़ रही है। कमरतोड़ महंगाई से घर की बजट बिगड़ गया है। नोटबंदी और जीएसटी से छोटे व्यापारी बर्बाद हो गए हैं। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के उपयोग से सभी चुनी हुई सरकार को गिराया जा रहा है। प्लेनरी को रोकने के लिए बीजेपी सरकार ने यहां छापेमारी की और हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डटकर मुकाबला किया।"
मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, "56 इंच का सीना वाले पीएम मोदी कहते हैं कि देश की सीमा पर कोई घुसा ही नहीं। उनके मंत्री कहते हैं हम चीन से लड़ नहीं सकते हैं। क्योंकि हमसे बड़ी उसकी अर्थव्यवस्था है। ये तो आपकी सबसे बड़ी नाकामयाबी है। एक तरफ कहते हैं हम किसी को घुसने नहीं देंगे। लेकिन दूसरे ओर चीन घुसकर गतिविधी कर रहा है।"