लहूलुहान पड़ा सागर, हॉकी स्टिक से पिटाई कर रहे सुशील, वारदात वाली रात का खौंफनाक वीडियो वायरल

सागर राणा हत्याकांड का खौंफनाक वीडियो वायरल, पहलवान सुशील ने हॉकी स्टिक से की थी बेरहमी से पिटाई, सुशील के अलावा कई और लोग भी हैं मौजूद

Updated: May 28, 2021, 06:25 AM IST

Photo Courtesy: Aajtak
Photo Courtesy: Aajtak

नई दिल्ली। ओलिंपिक में दो बार पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सागर राणा हत्याकांड से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है जो वारदात वाली रात का खौंफनाक सच बयां कर रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जूनियर नेशनल चैंपियन सागर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर लेटा हुआ है वहीं सुशील कुमार उसे हॉकी स्टिक से बेरहमी से पीट रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वायरल वीडियो उन वीडियो क्लिप्स का हिस्सा है जिसे सुशील ने अपने साथियों के मोबाइल से दबदबा बनाने के लिए रिकॉर्ड किया था। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि लहूलुहान होकर सागर जमीन पर गिरा हुआ है बावजूद सुशील और उनके साथी बेरहमी से उसे पीट रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद माना जा रहा है कि सुशील की राह अब और मुश्किल हो गई है। 

उधर, सागर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पुलिस को दे दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सागर की मौत सिर पर किसी भारी चीज से हमले के कारण हुई है। किसी  लोहे की रॉड या लकड़ी के डंडे से बहुत तेजी से मारे जाने की बात सामने आई है, जिससे सागर का सिर फट गया और काफी मात्रा में खून बह गया। ज्यादा खून बहने की वजह से अस्पताल पहुंचने तक सागर की हालत बिगड़ चुकी थी। पोस्टमार्टम के दौरान उसके शरीर में भी कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। 

यह भी पढ़ें: चोकसी के वकील का दावा, एंटीगुआ से डोमिनिका जबरन ले जाया गया था मेहुल चोकसी, शरीर पर हैं चोट के निशान

सुशील कुमार को पिछले हफ्ते सागर की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने हत्या को लेकर बताया था कि सुशील कुमार ने अपना दबदबा बनाने के लिए पिटाई की इस घटना का वीडियो अपने दोस्त से बनवाया। सुशील कुमार भी पूछताछ में बार-बार यही रट लगा रहे हैं कि उन्होंने जानबूझकर सागर की जान नहीं ली, बल्कि वो तो सिर्फ उसे और उसके साथियों को डराना चाहते थे। पुलिस ने इस सिलसिले में अब तक सुशील और उनके साथी अजय बक्करवाला समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है।