प्रदेश में आगामी उपचुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने ग्वालियर चंबल के कद्दावर नेता बालेंदु शुक्ल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश में जल्द ही 24 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। इसमें से 16 सीटें ग्वालियर चंबल संभाग से हैं। ऐसे में उपचुनाव से ठीक पहले ग्वालियर - चंबल क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाले बालेंदु शुक्ल को उपाध्यक्ष बनाना, कांग्रेस के मास्टर स्ट्रोक की तरह देखा जा रहा है।

भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं बालेंदु शुक्ल
हाल ही में पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ल ने बीजेपी में सम्मान न मिल पाने की वजह से कांग्रेस का दामन थामा है। इससे पहले बालेंदु कांग्रेस पार्टी में ही थे। बालेंदु माधव राव सिंधिया के बचपन के मित्र थे। कांग्रेस के बागी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया से बालेंदु के सम्बन्ध कभी मधुर नहीं रहे थे। इसलिए उन्हें 2008 में कांग्रेस पार्टी छोड़ कर जाने पर विवश होना पड़ा। लेकिन अब जब कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है। तब वरिष्ठ नेता बालेंदु शुक्ल ने वापस कांग्रेस की ओर रुख किया है। कांग्रेस ने भी बालेंदु को मध्य प्रदेश कांग्रेस का उपाध्यक्ष बना कर उपचुनाव में ज़्यादा से ज़्यादा सीटें कांग्रेस के पाले में करवाने की ज़िम्मेदारी सौंपी है।