भारत ने मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर टूर्नामेंट के टॉप-8 में जगह बना ली है। नीदरलैंड के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने दो-दो गोल किए। जबकि, उपकप्तान हार्दिक सिंह ने एक गोल दागा। पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने दो और सुफियान खान ने एक गोल किया। इस हार के साथ पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।
भारत ने शुरुआत से ही मुकाबले पर दबाव बनाए रखा था। हरमनप्रीत सिंह ने 5वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। इसके बाद अभिषेक ने 11वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। पाकिस्तान ने हन्नान शाहिद के 22वें मिनट के गोल से वापसी की कोशिश की थी लेकिन भारत ने तुरंत जवाब दिया।
हरमनप्रीत ने 21वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को 3-1 से आगे कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद अभिषेक ने 24वें मिनट में अपना दूसरा फील्ड गोल किया। पाकिस्तान की ओर से इसी मिनट सुफियान खान ने गोल कर अंतर को फिर कम किया।
मुकाबले के 35वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। आदित्य के खिलाफ पाकिस्तानी खिलाड़ी अरशद के स्टिक फाउल के बाद मिले इस मौके को हार्दिक सिंह ने गोल में बदलते हुए भारत को 5-2 की बढ़त दिला दी। हालांकि, पाकिस्तान ने आखिरी क्वार्टर में हन्नान शाहिद के 46वें मिनट के गोल से स्कोर 5-3 किया लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसके बाद कोई और मौका नहीं दिया।
इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। ग्रुप-डी में भारतीय टीम तीन मैचों में छह अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही। पाकिस्तान के खाते में तीन मैचों के बाद सिर्फ एक अंक रहा और वह तीसरे स्थान पर रहते हुए प्रतियोगिता से बाहर हो गया।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह का प्रदर्शन इस मुकाबले में खास रहा। दो गोल करने के बाद उनके टूर्नामेंट में कुल पांच गोल हो गए हैं और वह प्रतियोगिता के टॉप गोल स्कोरर बन गए हैं। वेल्स के गैरेथ फर्लोंग चार गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। भारत के अभिषेक भी टॉप-5 गोल स्कोररों में शामिल हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का दबदबा भी इस जीत के साथ और मजबूत हुआ है। पिछले 10 सालों में दोनों टीमों के बीच हुए 20 मुकाबलों में भारत ने 18 मैच जीते हैं। जबकि, दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार 2016 के साउथ एशियन गेम्स के फाइनल में 1-0 से हराया था।
यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की लगातार छठी जीत है। हॉकी वर्ल्ड कप में भी भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ बेहतर रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए छह विश्व कप मुकाबलों में भारत ने चार में जीत हासिल की है।