Chhattisgarh: Former CM रमन सिंह की EOW में शिकायत

Congress : पूर्व मुख्‍यमंत्री रमन सिंह और पूर्व सांसद उनके बेटे पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप

Publish: Jul 08, 2020, 04:26 AM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह और उनके बेटे अभिषेक सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने EOW में शिकायत की है। रमन सिंह और अभिषेक सिंह पर आय से अधिक संपत्ति ,आर्थिक अनियमियता और निर्वाचन शपथ-पत्र में गलत जानकारी देने का आरोप लगाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके परिवार पर ये आरोप कांग्रेस नेता विनोद तिवारी ने लगाए हैं।

कांग्रेस नेता विनोद तिवारी ने मीडिया से चर्चा में बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अपने कार्यकाल में बेहिसाब संपति अनैतिक तरीके से जमा की है। कांग्रेस का आरोप है कि रमन सिंह ने निर्वाचन शपथ-पत्र में संपत्ति की गलत जानकारी दी है। रमन सिंह ने अपने शपथ-पत्र में 56 तोला सोना होने की जानकारी दी थी। अब वह 300 तोला सोना तक पहुँच गया है।

कांग्रेस का आरोप है कि रमन सिंह की संपत्ति में 5 करोड़ रुपये तक इजाफा हुआ है। वहीं उनके बेटे अभिषेक सिंह और उसकी पत्नी की संपति में भी 5 करोड़ का इजाफा हुआ है। जबकि उनके द्वारा 14 एकड़ कृषि भूमि बताई गई है और दूसरा कोई कार्य नहीं बताया गया है। साल 2008 में सोने की कीमत 43 हजार तोला बताई थी। जबकि उस समय 20 से 22 हजार रुपये तोला था। कांग्रेस का आरोप है कि सोने का रेट शपथपत्र में गलत बताया गया था। कांग्रेस का आरोप है कि रमन सिंह और उनके परिवार ने निर्वाचन आयोग के साथ धोखाधड़ी की है। कांग्रेस ने  EOW में शिकायत कर मामले की जांच की मांग की है।

गौरतलब है कि बहुचर्चित “पनामा पेपर्स” में अभिषेक सिंह का नाम आ चुका है। उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों को खारिज किया था। अभिषेक ने उस वक्त कहा था कि उनके तथाकथित विदेशी अकाउंट से संबंधित जो विषय उठाए जा रहे हैं, वो पूरी तरह से असत्य एवं राजनीति से प्रेरित हैं।