Dantewada: इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार, साथी फरार

छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को मिली बड़ी कामयाबी, एक लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार

Updated: Jul 31, 2020, 06:03 AM IST

रायपुर। नकसलियों के शहीदी सप्ताह दिवस के बीच दंतेवाड़ा जिले में पुलिस को एक अहम कामयाबी मिली है। सुरक्षा बलों ने अरनपुर बंडीपारा से एक लाख की इनामी महिला नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है। नक्सली का नाम पोदीये मंडावी है। इस महिला नक्सली की गिरफ्तारी में अरनपुर पुलिस के साथ-साथ DRG और CRPF के जवानों का भी अहम योगदान रहा है। पुलिस का कहना है कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पोदीये मंडावी नाम की इस नक्सली को गिरफ्तार किया गया है। 28 जुलाई से 3 अगस्त तक नक्सलियों का शहीदी सप्ताह चल रहा है। इस दौरान नक्सली बंडीपारा में शहीदी सप्ताह मना रहे थे, तभी पुलिस ने वहां धावा बोल दिया। पुलिस को आते देख बाकी नक्सली जंगल की आड़ में भाग निकले, लेकिन इस महिला नक्सली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 

शहीदी सप्ताह के दौरान नक्सली अक्सर कई घटनाओं को अंजाम देते हैं। बीते 27 जुलाई को नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने 22वीं बटालियन के एक जवान की हत्या कर दी थी। उस वक्त जवान नक्सल प्रभावित इलाके करियामेटा पुलिस कैंप से पुलिस पार्टी के साथ सर्चिंग पर था। तभी कैंप से कुछ दूरी पर घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी।

वहीं 29 जुलाई को बीजापुर के बासागुड़ा इलाके आऊटपल्ली के जंगलों में पुलिस नक्सली मुठभेड़ हुई थी। जिसमें जिला रिजर्व गार्ड का एक जवान पैर में गोली लगने से घायल हो गया था।