दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को राष्ट्रीय हिंगलाज सेना का समर्थन
हिंगलाज सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मीमणि शास्त्री ने यात्रा के संकल्प की सराहना करते हुए सफलता की कामना की
उज्जैन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में विजयादशमी के पावन अवसर पर उज्जैन से अयोध्या तक आज प्रारंभ हो रही 930 किलोमीटर लंबी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ को राष्ट्रीय हिंगलाज सेना ने अपना समर्थन एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रीय हिंगलाज सेना की अध्यक्ष लक्ष्मीमणि शास्त्री ने दिग्विजय सिंह जी को भेजे अपने पत्र में यात्रा के पावन संकल्प पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मगुरुओं एवं संतों के आशीर्वाद से आयोजित यह पदयात्रा सनातन संस्कृति के मूल स्तंभों सत्य, करुणा, न्याय एवं सामाजिक समरसता को जागृत करने का वंदनीय प्रयास है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दिग्विजय सिंह जी की नर्मदा परिक्रमा ने देवस्थानों की शुचिता और धार्मिक मर्यादाओं की पुनर्स्थापना का संदेश दिया था, उसी प्रकार यह पदयात्रा भी एक पवित्र एवं प्रेरणादायी प्रयास सिद्ध होगी।
लक्ष्मीमणि शास्त्री ने यात्रा की सफलता की कामना करते हुए दिग्विजय सिंह जी सहित सभी सहयात्रियों के उत्तम स्वास्थ्य, ऊर्जा एवं निर्विघ्न यात्रा के लिए माँ हिंगलाज भवानी से प्रार्थना की। उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि राष्ट्रीय हिंगलाज सेना के प्रतिनिधि समय-समय पर यात्रा में उपस्थित रहेंगे।




