Chhattisgarh: महिला बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया के पति और पूर्व आईजी रवींद्र भेड़िया का निधन

कोरोना को मात दे चुके थे, हार्ट अटैक आने पर कल ही अस्पताल में भर्ती कराए गए थे, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक व्यक्त किया

Updated: Oct 06, 2020, 01:28 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया के पति और राज्य के पूर्व पुलिस महानिरीक्षक रवींद्र भेडिया का रविवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। हैं। रवींद्र भेड़िया हाल ही में कोरोना से ठीक होकर लौटे थे। रविवार को हार्ट अटैक आने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बालोद के डौंडी लोहारा में होगा। पूर्व आईजी के निधन पर राज्यपाल अनुसुइया उइके ने गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और उनके परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

 

आपको बता दें कि वे तीन साल पहले ही आईपीएस पद से रिटायर्ड हुए थे। इसके बाद से ही वे बालोद में लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय थे। करीब एक हफ्ते पहले ही वो कोरोना संक्रमण से ठीक हो कर घर लौटे थे। तब से वे परिवार के साथ रायपुर स्थित बंगले पर ही थे। परिजनों ने बताया कि वे घर पर अचानक वॉशरूम में गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने हार्टअटैक आने की बात कही।

पूर्व आईजी रवींद्र भेड़िया की गिनती छत्तीसगढ़ के तेज तर्रार पुलिस अफसरों में होती थी। सेवानिवृत्त होने के बाद से ही समाजसेवा में जुटे थे। उनके कांग्रेस से चुनाव लड़ने की भी अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि टिकट उनकी पत्नी अनिला भेड़िया को टिकट मिला और वे चुनाव जीतकर प्रदेश सरकार में मंत्री बन गईं।