पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, पुलिस से बचने के लिए बन गया था भिखारी

बिलासपुर पुलिस ने हत्या के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है, घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या कर फरार था पति, पुलिस ने तीन दिन की मशक्कत के बाद किया गिरफ्तार

Updated: Jun 15, 2021, 06:08 AM IST

Photo Courtesy: Scroll.in
Photo Courtesy: Scroll.in

बिलासपुर। जिले की सिरगिट्टी थाना पुलिस ने तीन दिन की मशक्कत के बाद पत्नी की हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घरेलू विवाद की वजह से पत्नी को मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस से बचने के लिए उसने भिखारी का वेष बनाकर घूमना शुरू कर दिया था। इतना ही नहीं वह भिखारियों के साथ छिपकर रहने लगा था। आखिरकार पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

सिरगिट्टी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पथरियापारा हार्दिकला इलाके की निवासी महिला अनसुइया वैष्णव अपने पति और बेटे के साथ रहती थी। उसका पति कुछ काम नहीं करता था, लॉकडाउन का बहाना करके काम पर नहीं  जाता था। 10 जून को पति-पत्नी में झगड़ा हुआ और बात मारपीट तक पहुंच गई। जिसके बाद महिला का बेटा खून से लथपथ अपनी मां को सिम्स अस्पताल इलाज कराने ले गया था। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी। जिसके बाद महिला के मायके वालों ने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। 

 वहीं मौत के बाद महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इस बात का खुलासा हुआ है कि उसके सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह उसकी मौत हो गई है। महिला को पीटकर आरोपी पति घर से फरार हो गया था। मायके वालों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के पुलिस ने मामले की जांच शुरु की।

तीन दिन खोजने के बाद पुलिस ने महिला के पति आरती दास वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए भिखारियों से मदद ले रहा था। भिखारियों के वेष में उन्ही के साथ छिपकर रहने लगा था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसका बयान दर्ज कर लिया है भिखारियों के समूह से गिरफ्तार होने के बाद आरोपी पति ने पत्नी की हत्या की बात स्वीकार कर ली है। आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसके काम पर नहीं जाने की वजह से पत्नी उससे झगड़ा करती थी। गुस्से में आकर उसने पत्नी पर हमला कर दिया था। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई। पत्नी की हालत देखकर वह घर छोड़कर भाग गया था। । आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।