इंदौर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

रेडिसन स्क्वायर और एमआर-10 चौराहे पर राहुल गांधी के स्वागत को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उनके स्वागत के लिए पहुंचे हैं।

Updated: Sep 19, 2026, 03:43 PM IST

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर पहुंच गए हैं। यहां शाम पांच बजे वे 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल गांधी के आगमन को लेकर इंदौरवासियों में उत्साह का माहौल है। उनके स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह चौक चौराहों पर युवा खड़े नजर आए।

राहुल गांधी इंदौर एयरपोर्ट से सीधा रेडिसन होटल के लिए रवाना हुए। यहां वे तीन घंटे रुकेंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे जेन-जी यानी युवाओं और छात्रों से उनके मुद्दों पर संवाद करेंगे। छात्र शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और परीक्षा प्रणाली से जुड़े सवाल सीधे राहुल गांधी से पूछ सकेंगे। इंदौर में यह राहुल गांधी का पहला, जबकि देश में 5वां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम है।

इंदौर के रेडिसन स्क्वायर पर राहुल गांधी के स्वागत को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उनके स्वागत के लिए जुटे थे। मौके पर राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी भी की गई। इससे पहले राहुल गांधी के काफिले का एमआर-10 चौराहे पर भी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। काफिले के गुजरने के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। समर्थकों ने ‘घर-घर गांधी, राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

उधर, कार्यक्रम स्थल पर युवाओं में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। यहां युवा “देश का नेता कैसा हो, राहुल गांधी जैसा हो” के नारे लगा रहे हैं। राहुल गांधी के समर्थन में लगातार नारेबाजी के बीच बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहे हैं। कांग्रेस को 50 हजार से अधिक युवाओं के शामिल होने का अनुमान है।

कार्यक्रम में शामिल होने दतिया से इंदौर पहुंची ज्योत्सना ने बताया कि वह देश के युवाओं की आवाज सुनने राहुल गांधी के कार्यक्रम में आई हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने फूड इंस्पेक्टर की नौकरी छोड़ दी और कांग्रेस जॉइन की। ज्योत्सना का कहना है कि वे युवाओं से जुड़े मुद्दों और उनकी बात को राहुल गांधी तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम में शामिल हुई हैं।