छत्तीसगढ़ में भी सरकार को अस्थिर करने की साजिश, फोन टैपिंग कर रही मोदी सरकार: भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि केंद्र सरकार लगातार राज्यों में सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र रच रही है, छत्तीसगढ़ में हमें अवैध फोन टेपिंग की जानकारी मिली है

Updated: Jun 21, 2022, 12:59 PM IST

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ा दावा किया है। सीएम बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में भी सरकार अस्थिर करने की कोशिशें हो रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक उन्हें जानकारी मिली है कि राज्य में कांग्रेस नेताओं के फोन कॉल अवैध रूप से टैप किए जा रहे हैं।

महाराष्ट्र की घटना को लेकर पूछे जाने पर सीएम बघेल ने कहा कि, 'चुनी हुई सरकार को गिराने के लिए बीजेपी ने किस प्रकार से मध्य प्रदेश में षड्यंत्र किया, राजस्थान में किया, कर्नाटक में किया, नॉर्थ ईस्ट में किया, अब वो झारखंड में हाथ आजमा रहे हैं, महाराष्ट्र में तो लगातार पीछे पड़े हुए हैं। हमें पूरा विश्वास है कि राजस्थान की सरकार इन सब से को फर्क नहीं पड़ने वाला है।' सीएम बघेल ने राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान ये बातें कही।

उन्होंने आगे कहा कि, 'राहुल को क्यों परेशान किया जा रहा है? क्योंकि वे नौजवानों की बात करते हैं, वे किसान की बात करते हैं, वे महंगाई की बात करते हैं, वो बेरोजगारी के बात करते हैं और केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार की बात करते हैं। इसलिए उन्हें नेशनल हेराल्ड केस में पांच दिन से परेशान किया जा रहा है।राहुल को साथ देने के लिए जो हजारों कार्यकर्ता आए हैं, उनके पीठ पर लाठियां बरसाई जा रही है। बिना अपराध पंजीबद्ध किए जेल में डाला जा रहा है।'

यह भी पढ़ें: एकनाथ शिंदे के साथ झगड़े के बाद से मेरे पति लापता, शिवसेना MLA की पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत

सीएम बघेल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि, '
हमारे सांसदों को पीटा गया, कई लोगों की पसलियां टूटी, कितनों के पैर टूटे हैं। वे अस्पताल में भर्ती हैं। ये रिकॉर्ड में नहीं हैं। कांग्रेस नेताओं की पिटाई इसलिए की जा रही है क्योंकि वे राहुल गांधी का साथ दे रहे हैं।
राहुल गांधी को साथ देने के कारण ही राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई के घर सीबीआई का छापा पड़ा है। देश के लिए राहुल जी लड़ रहे हैं इसलिए उन्हें परेशान किया जा रहा है। राहुल जी का साथ देने के लिए हमारे सांसद, हमारे पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट किया जा रही है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान की सरकार को भी स्थिर करने की कोशिश केंद्र की सरकार कर रही है।'

सीएम बघेल ने सैन्य भर्ती को लेकर कहा कि, 'अग्निपथ योजना के खिलाफ पूरे देश में आग लगी है। युवा आक्रोशित हैं। ये योजना देश हित में नहीं है। फौज के हित में नहीं है। न यहां के नौजवानों के हित में है। जिस तरह से बीजेपी नेताओं का बयान आ रहा है कि 25 प्रतिशत को हम सेना में रख लेंगे। फिर वे कहते हैं कि उन्हें हम अपने कार्यालय में चपरासी रख लेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहल लाल खट्टर का बयान आया की चार साल बाद आएंगे उन्हें हम हरियाणा में नौकरी देंगे। इसका मतलब ये भी है कि आप आरक्षण भी खत्म करना चाह रहे हैं। ये देश के साथ धोखाधड़ी है।'