होली से पहले महंगाई का झटका, घरेलू LPG सिलेंडर 50 तो कमर्शियल 350 रुपये हुआ महंगा

देश की जनता को मार्च महीने के पहले ही दिन महंगाई का झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 350.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

Updated: Mar 01, 2023, 08:52 AM IST

नई दिल्ली। होली से ठीक पहले देश की जनता को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। मार्च महीने के पहले ही दिन देश में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 350.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलो के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1,103 रुपये हो गई है। इससे पहले घरेलू एपीजी सिलेंडर 1053 रुपये में मिल रहा था। वहीं, आज से 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर की कीमत बढ़कर भी 2119.50 रुपए हो गई है। इससे पहले दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1769 रुपये प्रति सिलेंडर बिक रहा था। एलपीजी गैस सिलेंडर की नई दरें आज से प्रभावी मानी जाएगी।

यह भी पढ़ें: भोपाल-उज्जैन ट्रेन ब्लास्ट मामले में सात आतंकियों को मिली फांसी, एक को उम्रकैद

देश में बीते कुछ सालों में रसोई गैस की कीमतों में तेजी से इजाफा हुआ है। पिछले साल 2022 में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 150 रुपये महंगा हुआ था। कामर्शियल गैस सिलेंडर के दाम पिछली बार 25 रुपये बढ़े थे। पेट्रोलियम मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 1 अप्रैल, 2017 से 6 जुलाई, 2022 के बीच एलपीजी की कीमतों में 58 बार बदलाव किए गए। 

इससे एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 45 फिसदी की बढ़त हुई। अप्रैल 2017 में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 723 रुपये थी और जुलाई 2022 तक 45 फिसदी बढ़कर 1,053 रुपये हो गई। अब घरेलू रसोई गैस की कीमत 1,053 से बढ़कर 1103 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई। इस बढ़ोतरी का प्रभाव यकीनन आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।