ऐतिहासिक 60 हजार के आंकड़े के पार पहुंचा सेंसेक्स, 8 महीने में तय किया दस हजार आंकड़े का सफर

जनवरी 2021 में सेंसेक्स ने 50 हजार के आंकड़े को छुआ था, सितंबर महीने में पहली बार सेंसेक्स ने 60 हजार के आंकड़े के ऊपर कारोबार किया

Publish: Sep 24, 2021, 09:40 AM IST

Photo Courtesy: Zee5
Photo Courtesy: Zee5

मुंबई। शेयर मार्कट में सेंसेक्स लगातार नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहा है। सेंसेक्स ने 60 हजार के आंकड़े को पार कर लिया है। 31 वर्षों के इतिहास में यह पहली मर्तबा है जब सेंसेक्स इस रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है। शुक्रवार को शेयर बाजार के खुलने के बाद 317 अंकों की तेजी के साथ सेंसेक्स 60,203 के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। सेंसेक्स के साथ साथ निफ्टी में भी तेजी देखी गई। शुक्रवार को निफ्टी 17,906 के आंकड़े पर कारोबार कर रहा था।

31 वर्षों में सेंसेक्स ने हासिल किया यह मुकाम 

सेंसेक्स को 60 हजार के आंकड़े तक पहुंचने में 31 वर्षों से अधिक का वक्त लगा है। 25 जुलाई, 1990 को जब सेंसेक्स ने कारोबार करना शुरू किया था, तब यह 1,000 के आंकड़े पर था। 

महज 8 महीने में तय किया 10 हजार के आंकड़े का सफर 

सेंसेक्स के कारोबार में इस साल बड़ी तेजी देखी गई है। सेंसेक्स ने बीते आठ महीने में ही दस हजार के आंकड़े का सफर तय किया है। जनवरी अंत में सेंसेक्स 50 हजार के आंकड़े पर था और सितंबर का अंत आते आते यह 60 हजार के आंकड़े पर पहुंच गया। 

सेंसेक्स के इस साल के कारोबार का सफर 

21 जनवरी को सेंसेक्स ने पहली बार 50 हजार के आंकड़े को छुआ था। जबकि तीन फरवरी को सेंसेक्स पहली बार 50 हजार से ज्यादा के आंकड़े पर बंद हुआ था। 55 हजार के आंकड़े पर पहुंचने में सेंसेक्स को अगस्त महीने का इंतजार करना पड़ा। वहीं अगस्त महीने के अंतिम दिन सेंसेक्स 57 हजार के आंकड़े पर पहुंच गया। 16 सितंबर को सेंसेक्स 59 हजार पर पहुंचा। इसके ठीक आठ दिन बाद सेंसेक्स अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। 

30 सालों का कारोबार 

सेंसेक्स ने बीते 6 वर्षों में 30 हजार के आंकड़े का सफर तय किया है। कारोबार शुरू करने के 25 साल बाद मार्च 2015 में सेंसेक्स 30 हजार के स्तर पर पहुंचा था। इसके ठीक 6 साल बाद सेंसेक्स ने 30 हजार के आंकड़े का सफर तय किया। नतीजतन सेंसेक्स अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।