चुनावी रुझानों से शेयर मार्केट में हाहाकार, सेंसेक्स 2200 अंक धड़ाम, निफ्टी को 900 पॉइंट का झटका

एग्जिट पोल में NDA के जबरदस्त बहुमत के साथ सरकार बनाने की जानकारी सामने आई थी। जिसके चलते 3 जून 2024 को शेयर मार्केट ऑल-टाइम हाई रिकॉर्ड पर पहुंच गया था।

Updated: Jun 04, 2024, 10:11 AM IST

मुंबई। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोटों की गिनती जारी है। INDIA और NDA गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। और इस बीच भारतीय शेयर मार्केट में हाहाकार मच गई है। वोटों की गिनती के बीच शेयर मार्केट में Sensex 2200 अंक धड़ाम, निफ्टी को 900 पॉइंट का झटका लगा है।

दरअसल, एग्जिट पोल में NDA के जबरदस्त बहुमत के साथ सरकार बनाने की जानकारी सामने आई थी। जिसके चलते 3 जून 2024 को शेयर मार्केट ऑल-टाइम हाई रिकॉर्ड पर पहुंच गया था।

लेकिन असल नतीजों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। इसका असर शेयर मार्केट पर देखने को मिल रह है। कारोबार खुलते ही सेंसेक्स में पहले 183 अंकों की गिरावट हुई और फिर सेंसेक्स 1700 पॉइंट लुढ़ककर 74,753 के लो पर आ गया। निफ्टी भी 84 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ खुला और 539 पॉइंट से ज्यादा अंक टूटकर 22,724 पर रह गया।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट और 2 शेयरों में तेजी है। पावर ग्रिड, SBI, LT के शेयर करीब 5% नीचे हैं। सनफार्मा और नेस्ले के शेयर में मामूली तेजी है।

NSE के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट है। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 7% से ज्यादा टूटा है। मेटल में 5% और फाइनेंशियल सर्विसेस में 4% से ज्यादा की गिरावट है। रियल्टी और प्राइवेट बैंक इंडेक्स भी 3% से ज्यादा नीचे है।