शाहरुख के बर्थ डे पर नहीं कोई जश्न, फेवरेट एक्टर के लिए फैंस का उमड़ा प्यार

बेटे आर्यन के जेल से रिहा होने के बाद अलीबाग पहुंचा शाहरुख का परिवार, बर्थ डे और दिवाली मनाकर लौटेगा मुंबई, मन्नत के बाहर जमा फैंस को नहीं हुए बादशाह के दीदार

Updated: Nov 02, 2021, 09:47 AM IST

Photo Courtesy: Instagram
Photo Courtesy: Instagram

सिल्वर स्क्रीन के बेताज बादशाह शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 56वां बर्थ डे मना रहे हैं। शाहरुख करीब एक महीने से अपने बेटे आर्यन खान के ड्रग केस में फंसने की वजह से परेशान चल रहे थे। राहत की बात है कि अब उनका बेटा घर लौट आया है। किंग खान के बर्थ डे के मौके पर उनके बंगले को सजाया गया है, मन्नत में खूबसूरत लाइटिंग की गई है। वहीं उनके फैंस अपने फेवरेट एक्टर के दीदार के लिए देर रात से ही उनके फैंस घर के बाहर जमा होने लगे थे। हर साल शाहरुख अपने बर्थ डे और खास मौकों पर फैंस से मिलने अपने घर की छत पर आते हैं। घर के बाहर बढ़ती भीड़ के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। शाहरुख फिलहाल परिवार को लेकर अलीबाग फार्म चले गए हैं। वे दिवाली के बाद वहां से लौटेंगे।

 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Shah Rukh Khan (@iamsrk)

 शाहरुख खान के 56वें बर्थ डे के मौके पर उनके फैंस और कलीग्स बधाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई माधुरी दीक्षित, आयुष्मान खुराना, मृणाल ठाकुर, राहुल देव और डब्बू रतनानी, फराह खान, करीना कपूर, समेत बड़ी संख्या में लोगों ने बर्थडे विश किया है। वहीं फैंस उन्हें बेटे की रिहाई और जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर #HappyBirthdaySRK ट्रेंड कर रहा है।  मलाइका अरोरा ने दिल से के छैंया-छैंया गाने की एक फोटो शेयर कर बधाई दी है।

 

टीवी से एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले शाहरुख का जन्म  दिल्ली में 2 नवंबर 1965 को हुआ था। दूरदर्शन के टीवी सीरियल सर्कस, फौजी, दूसरा केवल से उन्होंने दर्शकों का दिल जीता। उन्होंने हेमा मालिनी के डायरेक्शन में फिल्म दिल आसना है में काम किया था। वहीं उनकी पहली रिलीज फिल्म दिव्या भारती, ऋषि कपूर के साथ फिल्म दीवाना थी। यश चोपड़ा ने शाहरुख की प्रतिभा को पहचाना औऱ अपनी फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे के राज के लिए कास्ट किया। एक इंटरव्यू में शाहरुख ने कहा था कि फिल्म के लिए हां करने से पहले उन्होंने DDLJ की स्क्रिप्ट भी नहीं पढ़ी थी। उन्हें यश चोपड़ा पर इतना भरोसा था कि उन्होंने फिल्म के लिए हां कर दी। नतीजा दुनिया ने देखा की वो फिल्म शाहरुख खान की अब तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म है। DDLJ 1995 में रिलीज हुई और 2015 तक मुंबई के मराठा मंदिर थिएटर में चलती रही।

जिसने सफलता के इतने झंडे गाड़े की उसकी मिसालें दी जाती हैं। किंग खान ने बॉलीवुड में वीर जारा, चेन्नई एक्सप्रेस, दिलवाले, कभी खुशी कभी गम, कुछ कुछ होता है, करण अर्जुन, डुप्लीकेट, बाजीगर, मैं हूं ना, डर और ओम शांति ओम जैसी शानदार फिल्में की हैं। जल्द ही वे दीपिका पादुकोण के साथ फिल्म पठान में नजर आने वाले हैं। फिलहाल बेटे के ड्रग केस में फंसने की वजह से वे शूटिंग से ब्रेक पर हैं। माना जा रहा है कि वे जल्द ही सेट पर वापसी करने वाले हैं।

 

शाहरुख खान इस साल बर्थ डे पर कोई पार्टी नहीं करने वाले हैं। फिलहाल वे फैमिली के साथ अलीबाग फार्म हाउस चले गए हैं। वहीं पर सादे तरीके बर्थ डे और दिवाली मनाई जाएगी। दिवाली के ठीक  दूसरे दिन आर्यन को NCB दफ्तर में पेशी के लिए जाना है।