Golden Globe 2023 में RRR का जलवा, फिल्म के नाटू-नाटू ने जीता बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का खिताब

साउथ सिनेमा की फिल्म आरआरआर ने 'गोल्डन ग्लोब 2023' इतिहास रच दिया है। फिल्म को तेलुगु गाने नाटू-नाटू के लिए बेस्ट सॉन्ग का पुरस्कार मिला है।

Updated: Jan 11, 2023, 05:12 AM IST

नई दिल्ली। साउथ सिनेमा की फिल्म आरआरआर ने 'गोल्डन ग्लोब 2023' इतिहास रच दिया है। फिल्म को तेलुगु गाने 'नाटू-नाटू' के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का पुरस्कार मिला है। फिल्म आरआरआर को पिछले साल मार्च में सिनेमा घरों में रिलीज़ किया गया था और यह वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।

अमेरिका के बेवर्ली हिल्स में चल रहे 80वें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में राजामौली अपने स्टार्स राम चरण तेज और जूनियर NTR के साथ पहुंचे। साउथ सुपर स्टार चिरंजीवी ने RRR की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। म्यूजिक कंपोजर एमएम कीरावाणी ने ये अवॉर्ड लिया। राजामौली और कलाकारों का शुक्रिया अदा करते हुए वे भावुक हो गए।

गोल्डन ग्लोब में RRR बेस्ट नॉन-इंग्लिश लैंग्वेज फिल्म कैटेगिरी में भी नॉमिनेट थी। यानी एक और अवॉर्ड मिलने की उम्मीद थी, लेकिन यहां बाजी मारी अर्जेंटीना 1985 ने। इस कैटेगिरी में RRR का मुकाबाला डिसीजन टू लीव (साउथ कोरिया), ऑल क्वाइट ऑन वेस्टर्न फ्रंट (जर्मनी) और अर्जेंटीना 1985 (अर्जेंटीना) से था।

RRR ऑस्कर की रेस में भी शामिल है। वहां भी फिल्म बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगिरी में नॉमिनेट हुई है। RRR के अलावा छेल्लो शो बेस्ट इंटरनेशनल कैटेगिरी में शॉर्ट लिस्ट हुई है।

राजामौली द्वारा निर्देशित आरआरआर राष्ट्रवाद और भाईचारे पर आधारित है। इसमें मशहूर अभिनेता राम चरण और जूनियर एनटीआर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में इन दोनों वास्तविक जीवन के भारतीय क्रांतिकारियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम की भूमिका निभाई है। यह फिल्म स्वतंत्रता से पहले के दौर की काल्पनिक कहानी पर आधारित है।