शिल्पा शेट्टी की मां से 1.6 करोड़ की धोखाधड़ी, पुलिस से की प्रॉपर्टी के सौदे में फर्जीवाड़े की शिकायत

शिल्पा की मां सुनंदा शेट्टी का आरोप है कि एक शख्स ने फर्जी पेपर्स की मदद से उन्हें 1.6 करोड़ रुपये में जमीन बेची है, उन्होंने सुधाकर घारे नाम के शख्स के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करवाई है, फरवरी 2020 में जमीन का सौदा होने की बात कही जा रही है

Updated: Jul 29, 2021, 06:30 PM IST

Photo Courtesy: Instagram
Photo Courtesy: Instagram

मुंबई। इन दिनों शिल्पा शेट्टी पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक तरफ उनके पति अश्लील  फिल्म बनाने और उसे एप पर अपलोड करने के मामले में जेल में हैं। वहीं दूसरी तरफ शिल्पा शेट्टी की मां की करोड़ों की जमीन किसी ने फ्राड करके बेच दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शिल्पा शेट्टी की मां सुनंदा शेट्टी ने अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस में की है। सुनंदा शेट्टी ने मुंबई पुलिस से सुधाकर घारे नाम के व्यक्ति के खिलाफ नामजद केस दर्ज करवाया है। उनका आरोप है कि सुधाकर घारे ने 1.6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। सुनंदा शेट्टी ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी ने फर्जी पेपर्स की मदद से उन्हें 1.6 करोड़ रुपये में जमीन बेची है। मुंबई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

 

शिल्पा की मां ने पुलिस में की गई शिकायत में कहा है कि उन्होंने 2019 से फ़रवरी 2020 के दौरान सुधाकर से कर्जत से एक ज़मीन का सौदा किया था। आरोपी ने कहा था कि वही ज़मीन का मालिक है। खुद को जमीन का मालिक बताकर आरोपी सुधाकर ने ज़मीन को फर्जी कागजात की मदद से सुनंदा को 1 करोड़ 60 लाख में दी थी।

और पढ़ें: पोर्नोग्राफी केस में राज कुंद्रा को नहीं मिली राहत, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल

कुछ समय पहले सुनंदा को पता चला की उनके साथ धोखा हुआ है। जब उन्होंने सुधाकर से इस बारे में बात करनी चाही तो वह खुद को किसी नेता का करीबी बताकर कोर्ट जाने की चेतावनी देने लगा। अब आखिरकार सुनंदा शेट्टी ने मामले की शिकायत थाने में की है। 

इनदिनों शिल्पा शेट्टी मीडिया में छाई हुई हैं, पहले अपने पति पर लगे आऱोपों और पोर्न केस में रोज-रोज हो रहे खुलासों की वजह से वे पहले ही टेंशन में हैं, और अब उनकी मां से 1.6 करोड़ की धोखाधड़ी हो गई है। वहीं शिल्पा और राज की कंपनी वियान इंडस्ट्रीज पर 3 लाख रुपये का फाइन लगाया गया है। सेबी याने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड ने इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों का उल्लंघन करने पर यह कार्रवाई की है।