प्याज पर लगाए गए एक्सपोर्ट ड्यूटी वापस ले सरकार, दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा निर्यात शुल्क में वृद्धि करने से विदेशों में प्याज मंहगा पहुँचेगा तो वे भारत का प्याज नही मंगाएंगे, ऐसे में प्याज के दाम गिरेंगे: दिग्विजय सिंह

Updated: Sep 01, 2023, 06:09 PM IST

भोपाल। केंद्र की मोदी सरकार ने प्याज के निर्यात पर 40 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है। केंद्र के इस फैसले ने देशभर में किसानों को आंदोलित कर दिया है। मध्य प्रदेश के किसानों में भी एक्सपोर्ट ड्यूटी के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्याज पर लगे एक्सपोर्ट ड्यूटी वापस लेने की मांग की है।

पीएम मोदी को संबोधित पत्र में दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि, 'मध्य प्रदेश के प्याज उत्पादक किसान इन दिनों प्याज के कम होते जा रहे दाम से चिंतित है। केन्द्र सरकार द्वारा प्याज के निर्यात पर 40 प्रतिशत शुल्क लगाये जाने से प्याज को विदेशों में भेजे जाने का कारोबार प्रभावित हो रहा है। किसानों को उनकी फसल के उचित दाम नही मिल पा रहे है। रतलाम जिले के किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुझसे मुलाकात कर बताया है कि केन्द्र सरकार द्वारा प्याज निर्यात पर 40 प्रतिशत शुल्क बढ़ाये जाने से किसानों में सरकार के प्रति भारी नाराज़गी है। किसानों ने प्रदेश भर में निर्यात शुल्क में हुई वृद्धि के विरोध में आंदोलन शुरू कर दिये है।'

सिंह ने आगे लिखा है कि, 'पिछले वर्ष भी प्रदेश में प्याज के रेट कम होने से कई स्थानों पर किसानों ने अपनी फसल नदी में फेंक दी थी। अनेक कस्बों में किसान प्याज की ट्रॉली मंडियों में ही छोड़ गये थे। इसी साल मई में खंडवा जिले के भेरूखेड़ा के किसान घनश्याम ने मंडी में कम दाम होने पर अपनी पूरी प्याज गुस्से में फ्री में बांट दी थी। तब उसकी प्याज की 3 रूपये किलो की कीमत मंडी में लगाई गई थी। जबकि उसकी लागत ही 6 रूपये किलो से अधिक आई थी।' 

पूर्व सीएम ने आगे लिखा, 'केन्द्र सरकार द्वारा प्याज के निर्यात पर 40 प्रतिशत शुल्क लगाने के पश्चात मध्यप्रदेश रतलाम जिले के किसानों द्वारा मंडी बंद कर विरोध दर्ज कराया है। किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा निर्यात शुल्क में वृद्धि करने से विदेशों में प्याज मंहगा पहुँचेगा तो वे भारत का प्याज नही मंगाएंगे, ऐसे में प्याज के दाम गिरेंगे। वहीं, इससे भारतीय प्याज के व्यापारियों को भी नुकसान होगा। किसान नेताओं ने भी प्याज के निर्यात शुल्क को पूर्व की भांति किये जाने का निवेदन किया है।' सिंह ने पीएम मोदी से मांग करते हुए कहा कि प्याज के निर्यात शुल्क में 40 प्रतिशत की बेतहाशा वृद्धि को कम करते हुए किसानों को राहत प्रदान करें।