इंसान का शरीर धोने के लिए बनी वॉशिंग मशीन, 15 मिनट में होगी देह और दिमाग़ दोनों की सफ़ाई

जापान की टेक्नोलॉजी कंपनी Science Co. Ltd ने एक ऐसी अनोखी ह्यूमन वॉशिंग मशीन पर काम शुरू किया है, जो इंसानों को कपड़ों की तरह धोने और साफ-सुथरा बनाने का काम करेगी।

Updated: Dec 08, 2024, 10:19 PM IST

जापान की टेक्नोलॉजी कंपनी Science Co. Ltd ने एक ऐसी अनोखी ह्यूमन वॉशिंग मशीन पर काम शुरू किया है, जो इंसानों को कपड़ों की तरह धोने और साफ-सुथरा बनाने का काम करेगी। इसे ‘Project Usoyaro’ नाम दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि यह मशीन 2025 तक बाजार में उपलब्ध होगी। यह मशीन न केवल शरीर को धोएगी, बल्कि उसे सुखाने, मसाज देने और आरामदायक अनुभव प्रदान करने में भी सक्षम होगी।

 

यह मशीन दिखने में एक पॉड या जेट फाइटर के कॉकपिट की तरह लगती है। इसमें फाइन बबल टेक्नोलॉजी, मॉनिटरिंग सेंसर्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम का उपयोग किया गया है, जो इंसान के शरीर की सफाई को एक अनोखा अनुभव बना देगा। सफाई के दौरान मशीन छोटे-छोटे बुलबुले बनाकर शरीर से गहराई तक गंदगी को हटाती है। इसके अलावा, यह मशीन शरीर के तनाव और थकान का पता लगाने में भी सक्षम है। इसमें लगे सेंसर्स तनाव के स्तर को कम करने में मदद करते हैं, जिससे व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से तरोताजा महसूस करता है।

 

मशीन में न सिर्फ सफाई का ख्याल रखा गया है बल्कि इसमें सुकून भरा संगीत और आरामदायक वातावरण भी प्रदान किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया लगभग 15 मिनट में पूरी होती है। यह तकनीक नई नहीं है। इसका आधार 1970 के ओसाका एक्सपो में पहली बार पेश की गई Sanyo Electric की ‘Ultrasonic Bath’ तकनीक पर है, जिसमें इंसानों की सफाई के साथ-साथ मसाज और सुखाने का काम भी किया जाता था। Science Co. Ltd के चेयरमैन यसुआकी ओयामा ने उसी तकनीक को और उन्नत रूप में पेश करने का लक्ष्य रखा है।

यह भी पढ़ें: देश छोड़कर भाग रहे सीरियाई राष्‍ट्रपति का विमान क्रैश होने की खबर, सेना बोली- उनका सत्ता खत्म

यह मशीन उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी जिन्हें नहाने या शरीर की सफाई में आलस महसूस होता है। इसके अलावा, इसे एक हेल्थ केयर डिवाइस के रूप में भी देखा जा रहा है, जो शरीर और मन दोनों को राहत प्रदान करती है। कंपनी की योजना इसे एक लग्जरी और अत्याधुनिक प्रोडक्ट के रूप में बाजार में उतारने की है।