पेट की समस्याओं का रामबाण इलाज घरेलू नुस्खे

Lockdown Effect : दिनचर्या में बदलाव, चलने-फिरने में आई कमी की वजह से बढ़ गई लोगों में पेट दर्द, कब्ज व गैस बनने जैसी समस्याएं

Publish: Jul 17, 2020, 06:45 AM IST

आज के दौर में लोगों के जीवन में पेट की समस्याएं आम हैं। लॉकडाउन के दौरान काफी समय तक घर में रहने के वजह से लोग पेट की समस्याओं से और भी ज्यादा परेशान हैं। दिनचर्या में बदलाव, चलने-फिरने व भागदौड़ में आई अचानक कमी की वजह से लोगों में पेट दर्द, कब्ज व गैस बनने जैसी समस्याएं बढ़ गयी है। ऐसे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं सबसे सरल व आसानी से उपलब्ध कुछ घरेलू नुस्खे जिनसे आपको पेट की समस्याओं से काफी राहत मिलेंगी। 

1. लौंग

हर घर में आसानी से मिलने वाले लौंग के बारे में कम ही लोग जानते हैं कि यह एंटी-माइक्रोबियल गुणों से भरपूर होता है। लौंग का सेवन करने से पेट की समस्याओं में आराम मिलता है। अगर आपको पेट में इंफेक्शन है या पाचन से संबंधित कोई समस्या है तो आपको लौंग का सेवन करना चाहिए। लौंग के सेवन से पाचन तंत्र मजबूत होता है जिस वजह से गलत खान-पान के बाद भी आपका पेट ठीक रहता है।

2. केला

फलों में केला पेट संबंधी रोग के लिए काफी फायदेमंद होता है। पेट संबंधी समस्याओं से ग्रसित लोगों को केले का सेवन अवश्य करना चाहिए। इसका सेवन करने से कब्ज, पेट दर्द और गैस की समस्या नहीं होती है वहीं लूज मोशन में भी केले का सेवन करना काफी फायदेमंद होता है। नियमित रूप से केला खाकर पेट के इंफेक्शन को भी दूर किया जा सकता है।

3. अदरक

हमारे किचन में अदरक न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है बल्कि स्वास्थ्य को कई तरह के फायदे भी दे सकता है। सर्दी, खांसी और जुकाम से लेकर यह पेट संबंधी समस्याओं के लिए भी काफी लाभदायक माना जाता है। एक टुकड़ा अदरक, थोड़ी सी काली मिर्च और एक चुटकी हींग का पीसकर सेवन करने से पेट से संबंधित समस्याएं दूर होती हैं।

4. हल्दी

बहुत कम लोग ही जानते हैं कि भारतीय मसालों में प्रमुख स्थान रखने वाला हल्दी औषधीय गुणों के ममले में बहुत आगे है। हल्दी को सबसे अच्छा एन्टीबायोटिक भी माना जाता है। हल्दी पेट के इंफेक्शन को दूर करने में सहायक होती है। एक चम्मच हल्दी में 2 चम्मच शहद मिलाकर सेवन करने से पेट संबंधित समस्याओं में आराम मिलता है।