भोपाल में ACP के घर चोरी, 6 लाख रुपए कैश और जेवर उड़ा ले गए चोर

कोलार थाना क्षेत्र के दानिश कुंज-2 में बदमाशों ने ट्रैफिक ACP विजय दुबे के घर को निशाना बनाया और 6 लाख रुपए कैश समेत बड़ी मात्रा में जेवर उड़ा ले गए।

Updated: Sep 11, 2026, 07:07 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल में चोरों के हौसले बुलंद हैं। आलम ये है कि पुलिस अफसरों के घर भी चोरों से सुरक्षित नहीं है। इसी क्रम में ट्रैफिक ACP के घर चोरी का मामला सामने आया है। चोरी की यह वारदात उस समय हुई, जब ACP VIP ड्यूटी के सिलसिले में कोलार क्षेत्र में तैनात थे और परिवार के सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए थे।

घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, चोर घर से 6 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी और कई तोला सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घर में रखा कैश पर्सनल लोन की बची हुई रकम थी। ACP ने कुछ महीने पहले करीब 20 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया था।

चोर घर में रखे पुश्तैनी जेवरों के साथ परिवार के अन्य सदस्यों के जेवर भी ले गए। इनमें भाई, भाभी और सालियों के जेवर शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस अफसर के घर चोरी की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने चोरी की वारदात के आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।