भोपाल की शिवांगी ने जीता ग्लैमोन मिसेज इंडिया का खिताब, 60 सुंदरियों को हराकर पहना ताज

शिवांगी के पति राजेश हेनरी मध्य प्रदेश शासन के आबकारी विभाग में अपर आबकारी आयुक्त हैं, वहीं शिवांगी इंटीरियर डिजाइनर, ड्रेस डिजाइनर और रिलेशनशिप काउंसलर हैं।

Updated: Sep 23, 2022, 09:20 AM IST

भोपाल। थाईलैंड में आयोजित ग्लैमोन मिसेज इंडिया 2022 के नतीजे आ गए हैं। भोपाल की शिवांगी पांडेय ने ग्लैमोन मिसेज इंडिया 2022 का ताज अपने नाम किया है। शिवांगी 60 सुंदरियों को पछाड़कर विजेता बनीं हैं। शिवांगी इंटीरियर डिजाइनर, ड्रेस डिजाइनर, रिलेशनशिप काउंसलर, गीत लेखक, इवेंट प्लानर के रूप में काम करती हैं।

फरवरी 2022 में शिवांगी का चयन प्रतिष्ठित ग्लैमोन मिसेज इंडिया कॉन्टेस्ट 2022 में हुआ था। थाईलैंड के फुकेत में 20 सितंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में शिवांगी पहले नंबर पर रहीं। देशभर से चयनित प्रतिभागियों के बीच सैकड़ों प्रतिस्पर्धा में जीत हासिल कर शिवांगी पांडे ग्लैमोन मिसेज इंडिया का ताज हासिल करने में कामयब रहीं।

यह भी पढ़ें: MP: 4.9 लाख छात्रों की साइकिल पर लगा ब्रेक, बजट के अभाव में सिर्फ ट्राइबल बच्चों को साइकिल देगी सरकार

रायपुर में जन्मी शिवांगी पांडे शादी के बाद भोपाल आ गईं थीं। शिवांगी के पति राजेश हेनरी मध्यप्रदेश शासन के आबकारी विभाग में अपर आबकारी आयुक्त के पद पर पदस्थ हैं। शिवांगी ने साल 2010 में भोपाल में शौकिया तौर पर ड्रेस डिजाइनिंग की शुरुआत की। 2013 से 2019 में रीवा में रिलेशनशिप काउंसलर के रूप में काम करना शुरू किया। उन्होंने कई परिवारों को टूटने और कई लोगों के आत्महत्या की कोशिश करने से बचाया। 

साल 2019 से उन्होंने भोपाल में अपना एक प्रोडक्शन हाउस शुरू किया। वह संगीत वीडियो, क्यूरेटिंग इवेंट, गाने लिखने आदि का काम कर रहीं हैं।