नाइजीरिया में हुए आत्मघाती हमलों में 18 लोगों की मौत, 42 अन्य गंभीर रूप से घायल

हिंसा के कारण नाइजीरिया के उत्तर पूर्व में 40,000 से अधिक लोग मारे गए हैं, वही तकरीबन 20 लाख लोग विस्थापित होने को मजबूर हुए हैं।

Updated: Jun 30, 2024, 10:44 AM IST

नाइजीरिया के पूर्वोत्तर इलाके में शनिवार को तीन आत्मघाती हमले हुए। इन हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 42 अन्य गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में पुरुष, महिला समेत बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पहला धमाका शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 3 बजे एक शादी समारोह में हुआ। इसके बाद दूसरा धमाका जनरल हॉस्पिटल ग्वोजा में हुआ और तीसरा धमाका एक अंतिम संस्कार के दौरान हुआ।

हमले के बाद देश की सिक्योरिटी फोर्स और इमरजेंसी सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हमला किसने करवाया इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

दरअसल, बोको हराम के आतंकवादियों ने 2014 में ग्वोजा पर कब्जा कर लिया था, जब समूह ने उत्तरी बोर्नो के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था। 2015 में चाड की सेना की मदद से नाइजीरियाई सेना ने इस शहर पर पुनः कब्जा कर लिया था, लेकिन तब से समूह ने शहर के पास के पहाड़ों से हमले जारी रखे हैं।

हिंसा के कारण नाइजीरिया के उत्तर पूर्व में 40,000 से अधिक लोग मारे गए हैं, वही तकरीबन 20 लाख लोग विस्थापित होने को मजबूर हुए हैं। यह संघर्ष पड़ोसी देशों नाइजर, कैमरून और चाड तक फैल चुका है। इसके कारण ही उग्रवादियों से लड़ने के लिए एक क्षेत्रीय सैन्य संगठन का गठन किया गया है।