गोलियों की तड़तड़ाहट से फिर कांपा अमेरिका, बर्मिंघम के एक नाइट क्लब में हुई फायरिंग में 7 की मौत

अमेरिका के बर्मिंघम के एक नाइट क्लब में हुआ फायरिंग में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं।

Updated: Jul 15, 2024, 06:00 PM IST

बर्मिंघम। अमेरिका के अलबामा राज्य के बर्मिंघम में एक नाइट क्लब में हुई गोलीबारी में कम से कम सात लोगों के मौत की खबर है। बर्मिंघम पुलिस के अनुसार, इस घटना में 9 लोग घायल भी हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है, जिसमें से कइयों की हालत गंभीर है।

बर्मिंघम पुलिस डिपार्टमेंट के अनुसार, पुलिस अधिकारी फायरिंग की सूचना पर रात 11:08 बजे 27वीं स्ट्रीट नॉर्थ के 3400 ब्लॉक में एक नाइट क्लब में पहुंचे। यहां अधिकारियों ने कई लोगों को गोली लगने से मृत व घायल पाया। कई घायलों को बीएफआरएस के कर्मियों या निजी वाहन से यूएबी अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोलियां किसने और क्यों चलाई गई। पुलिस अधिकारी ट्रूमैन फिट्जगेराल्ड का कहना है कि अधिकारियों का मानना है कि एक संदिग्ध ने सड़क से नाइट क्लब में गोली चलाई। इस समय कोई भी हिरासत में नहीं है। संघीय एजेंसियां जांच में BPD की सहायता कर रही हैं।

इससे पहले शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर फायरिंग हुई थी। इस दौरान एक गोली उनके कान को छूकर चली गई। हालांकि, सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने हमलावर को मौके पर ही मार गिराया। इस घटना के बाद दुनियाभर में सियासी हलचल तेज हो गई है।

बता दें कि हाल के वर्षों में अमेरिका में गन कल्चर में बढ़ोतरी और मास मर्डर की घटनाएं तेजी से बढ़ी है।
गन वायलेंस आर्काइव के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में अब तक संयुक्त राज्य अमेरिका में कम से कम 293 सामूहिक गोलीबारी हुई है। इसके अंतर्गत गोलीबारी की ऐसी घटनाओं को शामिल किया जाता है, जिसमें चार या अधिक लोगों को गोली मार दी जाती है।