अमेरिका के कोलोराडो में भीषण गोलीबारी, पुलिस अधिकारी समेत 10 की मौत

एक बंदूकधारी ने बोल्डर शहर के टेबल मेसा इलाक़े के एक ग्रोसरी सुपरमार्केट में क़रीब दोपहर 3 बजे गोलीबारी की, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है

Updated: Mar 23, 2021, 05:38 AM IST

Photo Courtesy: ABP
Photo Courtesy: ABP

कोलोराडो। अमेरिका में कोलोराडो प्रांत के बोल्डर में एक सुपरमार्किट में हुई गोलीबारी में एक पुलिस ऑफिसर सहित 10 लोगों की मौत की खबर है। समाचार एजेंसी एपी ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि किया है। बताया जा रहा है कि कई अन्य घायल भी हैं, नतीजतन मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस खूनी गोलीकांड मामले में पुलिस ने एक घायल संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक बंदूकधारी ने बोल्डर शहर के टेबल मेसा इलाक़े के एक ग्रोसरी सुपरमार्केट में क़रीब दोपहर 3 बजे गोलीबारी की। स्थानीय मीडिया में दिखाए गए वीडियो में एक बिना शर्ट के सिर्फ बॉक्सर पहने दाड़ी वाले गोरे आदमी को हथकड़ी में स्टोर से बाहर ले जाते देखा गया। उसे स्ट्रेचर पर लेटाकर एम्बुलेंस में ले जाया गया। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की टांग से खून निकल रहा था और वो लंगड़ा कर चल रहा था। माना जा रहा है कि संदिग्ध पुलिस की गोली से घायल हुआ है।

बोल्डर पुलिस के मुताबिक उनके पास गोलिबारी किए जाने के तुरंत बाद की कुछ डिटेल्स हैं और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है। वह घायल है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, पुलिस ने बताया कि अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी ने गोलीबारी किस मकसद से की थी। पुलिस ने कहा कि वह अभी भी मामले की जांच में जुटी हुई है। 

यह भी पढ़ेंअटलांटा के तीन मसाज पार्लरों में फायरिंग, 4 महिलाओं समेत 8 की मौत

गोलीबारी की इस घटना के वक़्त सुपरमार्केट के अंदर मौजूद चश्मदीदों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि उन्होंने गोलियों की आवाज़ें सुनी थी, जिसके बाद वो लोग पीछे के रास्ते से बाहर निकल गए। वारदात के बाद एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बोल्डर पुलिस बल के कमांडर केरी यामाकुशी ने अपने पुलिसकर्मियों की तारीफ़ करते हुए कहा है कि बहुत भारी जान-माल के नुक़सान से लोगों को बचाया गया है।

बता दें कि पिछले हफ्ते ही अमेरिका के अटलांटा में अंधाधुंध गोलीबारी की खौफनाक वारदात हुई थी। अटलांटा के जॉर्जिया इलाके में तीन मसाज पार्लरों में धुआंधार फायरिंग के दौरान 4 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में ज्यादातर एशियाई मूल की महिलाएं थी। मामले की जांच कर रही पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर जॉर्जिया से एक 21 साल के लड़के को हिरासत में लिया था। अमेरिका में आए दिन होने वाले गोलीबारी को देखते हुए राष्ट्रपति जो बाइडन ने बीते महीने संसद से बंदूक क़ानून में सुधार करने को कहा था।