बुरुंडी की जेल में लगी भीषण आग, 39 कैदियों की मौत

बुरुंडी की राजधानी गितेगा में अचानक आग जल गई, जेल के अंदर फंसे रह जाने के कारण 39 कैदियों की मौत हो गई, जेल में उस दौरान 1500 से अधिक कैदी कैद थे, जबकि जेल की क्षमता 400 कैदियों की थी

Publish: Dec 08, 2021, 02:16 AM IST

Photo Courtesy: Nbcnews.com
Photo Courtesy: Nbcnews.com

नई दिल्ली। अफ्रीकी देश बुरुंडी की एक प्रमुख जेल में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग लगने के कारण जेल में कैद 39 कैदियों की मौत हो गई। जबकि 69 कैदी बुरी तरह झुलस गए। ज़ख्मी कैदियों का अस्पताल में इलाज जारी है। 

बुरुंडी के समसयानुसार मंगलवार सुबह करीब चार बजे राजधानी गितेगा की प्रमुख जेल में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही जेल में भगदड़ का माहौल बन गया। इस दौरान जेल में फंसे रह जाने के कारण 39 कैदियों की जान चली गई। जबकि 69 कैदी झुलस गए। 

आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस और राहत बचाव कार्य की टीम मौके पर पहुंच गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घायल कैदियों को जेल के पास ही किसी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। 

हालांकि अब तक जेल में आग लगने का कारण सामने नहीं आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस जेल में आग लगी, उसमें क्षमता से लगभग चार गुना अधिक कैद किए गए थे। जिस वजह से भगदड़ के दौरान कई कैदी जेल से निकल पाने में कामयाब नहीं हो पाए और आग की चपेट में आने से मौत हो गई। 

जेल की क्षमता करीब 400 कैदियों की है, लेकिन इस जेल में 1500 से अधिक कैदियों को कैद किया गया था। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस दौरान जेल में कैद सभी कैदी सो रहे थे।