पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बढ़ी मुश्किलें, महिला पत्रकार ने लगाया रेप का आरोप

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। उनके खिलाफ एक महिला पत्रकार ने बलात्कार के आरोप लगाए हैं।

Updated: Apr 27, 2023, 12:14 PM IST

न्‍यूयॉर्क। अमेर‍िका में अगले साल राष्‍ट्रपत‍ि पद के लिए चुनाव होने हैं। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप एक बार फि‍र चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गए हैं। लेकिन उससे पहले एक बार फिर वह मुसीबतों में फंसते नजर आ रहे हैं। पूर्व कॉलमनिस्ट ई जीन कैरोल ने डोनाल्ड ट्रंप पर रेप का आरोप लगाया है।

कैरोल के यौन उत्पीड़न मामले में मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान कैरोल ने न्यूयॉर्क के एक जूरी को बताया कि ट्रंप ने उनके साथ बलात्कार किया और बाद में अपमानजनक टिप्पणियों के साथ उनका मजाक उड़ाया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकन जर्नलिस्ट व राइटर एलिजाबेथ जीन कैरोल की ओर से ट्रंप के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया गया था। इसके अलावा उन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि डोनाल्ड ट्रंप ने चेंजिंग रूम में उनका यौन शोषण किया था।

जीन कैरोल ने अपनी बुक में भी ट्रंप का उल्लेख किया। बुक में लिखा कि ट्रंप ने 1995 या 1996 में मैनहट्टन लक्जरी डिपार्टमेंटल स्टोर के ड्रेसिंग रूम में उन्हें पकड़ लिया और जोर-जबरदस्ती करने लगे। ट्रंप के किए कुकृत्य से उन्हें बहुत दर्द और पीड़ा हुई। उसके बाद वह मानसिक रूप से भी परेशान रही। ट्रंप के खिलाफ अब दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।

हालांकि ट्रंप ने आरोपों से इनकार किया है। ट्रंप ने पहले जीन कैरोल के बारे में कहा, 'वो मेरे टाइप की नहीं थी' उसके अलावा ट्रंप ने एक बयान में कहा, "कैरोल ने पूरी तरह से एक कहानी गढ़ी कि मैं उससे भीड़भाड़ वाले न्यूयॉर्क सिटी के डिपार्टमेंट स्टोर के दरवाजे पर मिला। कुछ ही मिनटों में उसे बेहोश कर दिया। यह महज छलावा और झूठ है, ठीक वैसे ही जैसे पिछले सात सालों में मेरे खिलाफ और मनगढंत आरोप लगाए गए हैं।" ट्रंप के वकील ने अदालत की कार्यवाही की शुरुआत में तर्क दिया है कि जीन कैरोल यह सब अधिक 'पैसा और शोहरत' पाने के लिए कर रही हैं।