ब्रिटेन में 14 साल बाद लेबर पार्टी की वापसी, ऋषि सुनक ने मानी हार, कीर स्टार्मर को दी जीत की बधाई

ब्रिटेन में 4 जुलाई को आम चुनाव के लिए वोटिंग के बाद नतीजे आने शुरू हो गए हैं। अब तक 387 सीटों पर जारी हुए नतीजों में सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को महज 51 सीटें मिली हैं। वहीं लेबर पार्टी 281 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है।

Updated: Jul 05, 2024, 10:00 AM IST

लंदन। ब्रिटेन में गुरुवार को आम चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी और अब वोटों की गिनती चल रही है। शुुरुआती नतीजों में लेबर पार्टी को बड़ी जीत मिलती दिख रही है। वहीं सुनक की कंजर्वेटिव काफी पीछे है।ब्रिटेन में 14 साल बाद लेबर पार्टी की वापसी हुई है। अब तक 387 सीटों पर जारी हुए नतीजों में सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को महज 51 सीटें मिली हैं। वहीं लेबर पार्टी 281 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है।

कंजर्वेटिव पार्टी से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक ने रिचमंड और नॉर्थेलर्टन सीट से जीत दर्ज की। वहीं लेबर पार्टी से PM पद के कैंडिडेट कीर स्टार्मर भी लंदन की होलबोर्न और सेंट पैनक्रास सीट पर जीत चुके हैं। सुनक ने चुनाव में पार्टी की हार को स्वीकार लिया है। साथ ही कीर स्टार्मर को जीत की बधाई भी दी है।

अपनी सीट पर जीत दर्ज करने के बाद ऋषि सुनक ने रिचमंड एंड नॉर्थेलर्टन की जनता का शुक्रिया अदा किया। चुनाव में पार्टी की हार स्वीकारते हुए सुनक ने कहा, 'लेबर पार्टी यह चुनाव जीत चुकी है। मैंने सर कीर स्टार्मर को फोन करके इसकी बधाई भी दी। आज देश की सत्ता बदल जाएगी। मुझे देश की स्थिरता और भविष्य को लेकर पूरा भरोसा है। ब्रिटेन की जनता ने आज अपना फैसला सुनाया है और हमें इससे बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। मैं इस हार की जिम्मेदारी लेता हूं। पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने चुनाव में पूरी मेहनत की। मैं उनसे माफी मांगता हूं।' 

लंदन की होलबोर्न और सेंट पैनक्रास सीट पर जीत दर्ज करने के बाद कीर स्टार्मर ने कहा, 'मैं अपने चुनाव क्षेत्र में रह रहे हर एक नागरिक के हित में काम करूंगा। मैं सभी की आवाज बनूंगा। देश की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है। यह दिखावे की राजनीति का अंत है। ये जनता का लोकतंत्र है, उन्होंने वोट दिया। अब हम उनकी बदलाव लाकर दिखाएंगे।'