गणितज्ञ सीआर राव को मिलेगा इंटरनेशनल प्राइज इन स्टैटिस्टिक्स, सांख्यिकी में क्रांति लाने के लिए होंगे सम्मानित

प्रमुख भारतीय-अमेरिकी गणितज्ञ और सांख्यिकीविद् कैल्यामपुडी राधाकृष्ण राव को सांख्यिकी में 2023 का अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार इस क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के बराबर है। 75 साल पहले उनके कार्यों ने सांख्यिकीय सोच में क्रांति ला दी थी।

Updated: Apr 10, 2023, 05:46 PM IST

प्रमुख भारतीय-अमेरिकी गणितज्ञ और सांख्यिकीविद् कैल्यामपुडी राधाकृष्ण राव को सांख्यिकी में 2023 का अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाएगा। उन्हें 2023 का ‘इंटरनेशनल प्राइज इन स्टैटिस्टिक्स' पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस पुरस्कार को सांख्यिकी के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के बराबर माना जाता है।

‘इंटरनेशनल प्राइज इन स्टैटिस्टिक्स फाउंडेशन' ने एक बयान में कहा कि राव का 75 साल पहले इस क्षेत्र में दिया गया योगदान आज भी विज्ञान पर गहरा प्रभाव रखता है। राव की उम्र 102 साल है। उन्हें कनाडा के ओटावा में द्विवार्षिक अंतरराष्ट्रीय सांख्यिकी संस्थान विश्व सांख्यिकी कांग्रेस में जुलाई में यह पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार के साथ-साथ उन्हें 80,000 डॉलर की इनामी राशि भी दी जाएगी। 

सीआर राव का जन्म कर्नाटक के हदगली में एक तेलुगु परिवार में हुआ था। उनकी स्कूली शिक्षा आंध्र प्रदेश के गुदुर, नुज्विद, नंदीगामा और विशाखापत्तनम में पूरी हुई। उन्होंने आंध्र विश्वविद्यालय से गणित में एमएससी और 1943 में कलकत्ता विश्वविद्यालय से सांख्यिकी में एमए किया। उन्होंने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के किंग्स कॉलेज से पीएचडी की डिग्री हासिल की। उन्होंने 1965 में कैंब्रिज से डीएससी की डिग्री भी ली थी।

राव ने सबसे पहले कैंब्रिज में भारतीय सांख्यिकी संस्थान और मानव विज्ञान संग्रहालय में काम किया। बाद में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। वह वर्तमान में पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर एमेरिटस और बफ़ेलो विश्वविद्यालय में रिसर्च प्रोफेसर हैं। राव को कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें भारत सरकार (1968) द्वारा पद्म भूषण और 2001 में पद्म विभूषण की उपाधि से सम्मानित किया गया था।