चोकसी को लेने डोमिनिका गया भारतीय दल वापस लौटा, जुलाई में होनी है चोकसी की सुनवाई

मेहुल चोकसी इस समय डोमिनिका में है, चोकसी के मामले की सुनवाई डोमिनिका कोर्ट ने जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी है

Updated: Jun 05, 2021, 02:56 AM IST

Photo Courtesy: Indian Express
Photo Courtesy: Indian Express

नई दिल्ली। भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी को डोमिनिका लेने गया भारतीय दल वापस लौट आया है। सीबीआई की टीम कटर एयरवेज के निजी विमान से शुक्रवार रात को दिल्ली लौट आई। गुरुवार रात को डोमिनिका से उड़ान भरने वाली टीम शुक्रवार देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची।

चोकसी के डोमिनिका में होने की खबर लगने के बाद सीबीआई के उपमहानिरीक्षक शारदा राउत के नेतृत्व में यह टीम डोमिनिका गई थी। यह टीम चोकसी का भारत में प्रत्यर्पण करने के इरादे से डोमिनिका गई थी। डोमिनिका कोर्ट में इस दल ने चोकसी को भारत को सौंपने के संबंध में अपना पक्ष भी रखा था। लेकिन डोमिनिका कोर्ट द्वारा चोकसी की सुनवाई टाले जाने के बाद यह दल वापस लौट आया। सीबीआई की टीम करीब एक हफ्ते डोमिनिका में रही। 

यह भी पढ़ें : मेहुल चोकसी को भारत लाने के लिए डोमिनिका पहुंचा भारतीय विमान

मेहुल चोकसी 23 मई को एंटीगुआ से लापता हो गया था। इसके बाद उसे डोमिनिका पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया था। चोकसी के वकीलों ने डोमिनिका कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। वहीं भारतीय टीम भी चोकसी को लाने के लिए डोमिनिका पहुंची थी। एंटीगुआ की सरकार ने भी चोकसी को भारत को सौंपने की अपील की थी। लेकिन डोमिनिका की कोर्ट ने दोनों पक्षों से बातचीत करने के बाद मामले की सुनवाई करने का मन बनाया। कोर्ट ने जुलाई तक के लिए मामले की सुनवाई को टाल दिया है।