रूस के पर्म स्टेट यूनिवर्सटी में अंधाधुंध फायरिंग, 8 छात्रों की मौत, हमलावर भी निकला पीएसयू का छात्र

पर्म के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 14 लोग घायल है, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जान बचाने के लिए छात्रों को खिड़कियों से कूदते देखा जा सकता है

Updated: Sep 20, 2021, 09:52 AM IST

Photo Courtesy: Aajtak
Photo Courtesy: Aajtak

रूस के पर्म स्थित स्टेट यूनिवर्सिटी में सोमवार को अचानक फायरिंग हुई जिसमें 8 छात्रों की मौत होने की खबर सामने आई है। इस घटना में 14 लोग घायल हैं। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मिकों ने शूटर को बाद में हिरासत में ले लिया। हमलावर की पहचान विश्वविद्यालय के है 18 वर्षीय छात्र तिमूर बेकमांसुरोव के तौर पर हुई है। गोलीबारी के पीछे का मकसद अभी तक साफ नहीं हो पाया है। फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि अपनी जान बचाने के लिए कई छात्र पहली मंज़िल की खिड़कियों से कूद रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सुबह 11 बजे के आस पास एक अज्ञात शख्स विश्वविद्यालय की एक बिल्डिंग में घुसा और उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी जिससे अफरा तफरी मच गई। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने विश्वविद्यालय को बंद कर दिया और जिनके लिए मुमकिन था उन्हें बाहर चले जाने का आग्रह किया। बाकी छात्रों में से कुछ ने खुद को ऑडिटोरियम में बंद कर लिया तो कुछ खिड़कियों से कूद कर बाहर भागने लगे। हमलावर गोलियां बरसाकर कुछ ही देर में वहां से फरार हो गया। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। 

रूसी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक भारतीय समय के अनुसार यह घटना लगभग दोपहर 1 बजे हुई है। पर्म क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार घटना में छात्रों सहित लगभग 14 लोग घायल हुए हैं। जांच समितियों ने इस घटना को गंभीर बताया है और जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हमलावर के पास ‘ट्रोमाटिक’ हथियार थे। यूं तो रूस में हथियार खरीदने आसान नहीं लेकिन सुरक्षाबल और स्पोर्ट्स से सम्बद्ध लोग इसे खरीद सकते हैं।