अमेरिका ने अपने नागरिकों को भारत छोड़ने की दी सलाह, लेवल 4 हेल्थ एलर्ट किया जारी

अमेरिकी नागरिकों के लिए जारी हेल्थ अलर्ट में कहा गया है कि भारत में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए अमेरिकी नागरिक जितनी जल्दी हो भारत छोड़ दें। अमेरिका से भारत जाने पर भी रोक लगा दी गई है

Updated: Apr 29, 2021, 11:37 AM IST

Photo Courtesy: social media
Photo Courtesy: social media

नई दिल्ली। कोरोना के संकट काल में अमेरिका ने भारत को हर संभव मदद का भरोसा तो दिया है लेकिन दूसरी तरफ अमेरिकी सरकार भारत में रह रहे अपने नागरिकों को जल्द से जल्द अमेरिका आने के लिए कह रही है। अमेरिकी सरकार ने इसके लिए भारत में सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं को आधार बनाया है। अमेरिकी सरकार ने कहा है कि चूंकि भारत में स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं, इसलिए अमेरिकी नागरिकों को जल्द से जल्द स्वदेश वापस लौट आना चाहिए। 

अमेरिकी सरकार ने इसके लिए अपने नागरिकों को हेल्थ अलर्ट भी जारी किया है। इसके साथ ही सरकारी अलर्ट STEP में अपना नाम पंजीकृत कराने के लिए भी कहा है। हेल्थ अलर्ट के मुताबिक भारत में सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण अमेरिकी नागरिकों को अस्पताल में जगह नहीं मिल रही है। उन्हें अस्पताल में भर्ती करने से मना किया जा रहा है, इसलिए अमेरिकी नागरिकों को जल्द से जल्द भारत से विदाई ले लेनी चाहिए। 

यह भी पढ़ें: जैसे भारत ने हमारा साथ दिया, हम भी भारत के साथ खड़े रहेंगे, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पीएम मोदी को दिया आश्वासन

भारत में मौजूद अमेरिकी दूतावास ने भी भारत में रह रहे अमेरिकी लोगों को स्वदेश वापसी के लिए कामर्शियल विकल्प अपनाने की सलाह दी है। अमेरिकी दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों को बताया है कि इस समय भारत से अमेरिका के लिए रोज़ाना फ्लाइट मौजूद है। इसके साथ ही वे पेरिस और फ्रैंकफर्ट के जरिए भी विमान सेवाएं उपलब्ध हैं। उधर अमेरिकी सरकार ने अमेरिका में रह रहे अपने नागरिकों से बहुत ज़रूरी न होने पर भारत की यात्रा न करने की हिदायत दी है।