बारातियों से भरा वाहन पलटा, 2 लोगों की मौक़े पर मौत, 20 घायल

हादसा बीती रात 1 बजे का बताया जा रहा है। ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

Updated: Apr 24, 2021, 05:57 AM IST

Photo courtesy: ibc 24 news
Photo courtesy: ibc 24 news

भोपाल/मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला ज़िले में बीती रात भीषण सड़क हादसा हुआ। बारातियों से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर कर पलट गया। हादसे में 2 लोगों की मौक़े पर मृत्यु हो गई, वहीं 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से कुछ लोगों की हालत नाज़ुक बनी हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

घटना शुक्रवार देर रात 1 बजे की बताई जा रही है। हादसा मंडला ज़िले के घुघुरी विकासखण्ड के ग्राम पाटन में हुआ। बरातियों से भरी पिकअप मोबाइल टाबर के पास बने ढलान से गुज़र रहा था, उसी वक़्त ब्रेक फेल हो जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, वहीं 20 लोग घायल हुए हैं। घायल हुए व्यक्तियों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद अफ़रातफ़री मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को इलाज़ के लिए घुघुरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां घायलों का इलाज़ किया जा रहा है।

गौरतलब है कि बीते महीने में मंडला के नारायणगंज में बारातियों से भरा वाहन पलट गया। हादसे में 5 लोगों की जान चली गई, वहीं 30 लोग घायल हुए थे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घायलों को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया। घायलों को पिकअप वाहन से जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बारात झारी ग्राम पंचायत के देवडोंगरी गांव से शंकरगंज के चन्देहरा गांव गई थी। यहां सुबह मिनी ट्रक से बाराती गांव लौट रहे थे। उसी दौरान जंगल के रास्ते में मिनी ट्रक बबलिया के पास अनियंत्रित होकर पलट गई थी।