Fly Big: भोपाल से अहमदाबाद की यात्रा महज 2999 रुपए में, 5 फरवरी से शुरू होगी फ्लाई बिग की उड़ान

भोपाल से लखनऊ का सफर भी होगा आसान, अहमदाबाद से भोपाल होकर लखनऊ जाएगी नई एयरलाइन फ्लाई बिग की उड़ान

Updated: Feb 01, 2021, 12:57 PM IST

Photo Courtesy: Northeast Now
Photo Courtesy: Northeast Now

भोपाल। नई एयरलाइंस कंपनी फ्लाई बिग ने अहमदाबाद-लखनऊ फ्लाइट के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। यह फ्लाइट अहमदाबाद से भोपाल होते हुए लखनऊ जाएगी। 5 फरवरी से यात्री इस फ्लाइट में सफर कर सकेंगे। खबरों की मानें तो फ्लाई बिग एयरलाइंस ने इससे पहले भी फ्लाइट्स के संचालन की घोषणा की थी। यह तीसरा मौका है जब भोपाल से अहमदाबाद के बीच पांच फरवरी से फ्लाइट शुरू करने की घोषणा की है।

पहले यह उड़ान सेवा 28 जनवरी से शुरू होनी थी। फिर इसे 1 फरवरी किया गया। अब इसे बढ़ाकर 5 फरवरी किया गया है। 5 फरवरी के लिए बुकिंग की शुरुआत हो चुकी है। इसकी आधिकारिक पुष्टि एयरलाइन के जनरल मैनेजर ने की है। उनका कहना है कि यह फ्लाइट अपने तय शिड्यूल पर शुक्रवार यानि पांच फरवरी से आरंभ होगी।

भोपाल से अहमदाबाद के लिए दो क्लास रखी गई हैं। बिगलाइट का किराया 2999 और बिगइजी का 3877 रुपए है।  फिलहाल यह फ्लाइट मंगलवार को छोड़कर सभी दिन उपलब्ध होगी, रविवार को इसके समय में बदलाव रहेगा। बाकी सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को एक ही समय पर फ्लाइट संचालित होंगी।

16 फरवरी से मंगलवार को भी इसका संचालन शुरू होगा। फ्लाइट S9-121 अहमदाबाद से भोपाल सुबह 11:30 बजे रवाना होगी औऱ दोपहर 12:45 पर पहुंचेगी। वहीं S9-122  भोपाल-अहमदाबाद फ्लाइट दोपहर 3:15 बजे रवाना होगी और शाम 4:35 बजे पहुंचेगी। रविवार को फ्लाइट के समय में बदलाव रहेगा। S 9-121 अहमदबाद-भोपाल शाम 4:05 बजे रवाना होगी और 5:15 बजे पहुंचेगी। S 9-122 भोपाल-अहमदाबाद शाम 5:45 बजे चलेगी और शाम 7:10 पर पहुंचेगी।  

फ्लाई बिग इंडिगो एयरलाइंस के बाद दूसरी फ्लाइट होगी जो भोपाल से अहमदाबाद जाएगी। राजा भोज एयरपोर्ट से इंडिगो एयर लाइंस की फ्लाइट अहमदाबाद और लखनऊ के लिए शुरू हो रही है। इसकी शुरुआत तीन फरवरी से होने जा रही है। फ्लाई बिग और इंडिगो फ्लाइट्स के विमान 74 सीटर होंगे। इसके साथ ही एयर इंडिया ने भी 28 मार्च से भोपाल-पुणे फ्लाइट का संचालन फिर से शुरू करने की घोषणा कर दी है। फिलहाल इसका किराया 3000 से 4000 रुपए के बीच रखा गया है। कोरोना महामारी की वजह से कई फ्लाइट्स का संचालन बंद था जो अब दोबारा शुरू हो रहा है।