कांग्रेस की सरकार बनते ही बीना को जिला बनाएंगे, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव का बड़ा ऐलान

सागर जिले के बीना में अरुण यादव के नेतृत्व में निकाली गई परिवर्तन रैली, पूर्व केंद्रीय मंत्री का ऐलान- सरकार बनते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लेंगे

Updated: Jun 02, 2023, 09:27 PM IST

बीना। विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रचार अभियान तेज कर दिए हैं। कांग्रेस के सभी सीनियर नेता प्रदेशभर में दौरे कर रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव शुक्रवार को बीना पहुंचे। यादव के नेतृत्व में यहां विशाल परिवर्तन रैली निकाली गई। इस दौरान अरुण यादव ने कांग्रेस सरकार बनते ही बीना को जिला बनाने का ऐलान किया।

शुक्रवार को सागर जिले के बीना पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अरुण यादव का भव्य स्वागत किया। यादव के नेतृत्व में यहॉ पर विशाल परिवर्तन रैली निकाली गई। यादव भी कार्यकर्ताओं के साथ बुलेट चलाते नजर आए। बीना में मिले जनसमर्थन से अभिभूत होकर अरूण यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि, 'प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही आपसे किए गए सारे वादे पूरे किये जायेंगे। बीना को जिला घोषित करने की मॉग भी हम पूरी करेगें।' 

अरुण यादव ने इस दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि, 'भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमें दर्ज कर रही है। कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। मैं आपको वचन देता हूं कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते भी
सबसे पहले कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज हुए पुलिस प्रकरण समाप्त किए जाएंगे।'

अरुण यादव ने आगे कहा कि, 'प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं को 500 रूपये में गैस का सिलेंडर दिया जाएगा। महिलाओं को 1500 रूपये की धनराशि भी प्रतिमाह दी जाएगी। 100 यूनिट तक बिजली फ्री दिया जायेगा। 200 यूनिट पर आधा बिजली का बिल ही लिया जाएगा। हम शासकीय कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल करेंगे। साथ ही संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा।'
 
अरूण यादव ने आगे कहा कि, 'पिछले 20 वर्षों से सत्तासीन भाजपा के लोग बीना वासियों को गुमराह कर रहे हैं। भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। भाजपा जो कहती है उसे कभी पूरा नहीं करती है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा अपने वादों को पूरा किया है। भाजपा ने बीना वासियों से किए गये वादे आज तक पूरे नहीं किये हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में हम आपसे किए सभी वादों को अपना वचन मानकर पूरा करेंगे।