74वें दिन मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा, 27 नवंबर को महू जाएंगे राहुल गांधी, यहां देखें पूरा शेड्यूल

भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर युद्धस्तर पर जुटे मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता, राज्य में तीन दिन रहेगा रेस्ट डे, इस दौरान गुजरात में चुनाव प्रचार करने जाएंगे राहुल गांधी।

Updated: Nov 14, 2022, 03:30 PM IST

भोपाल। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को बुरहानपुर के रास्ते मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता युद्ध स्तर पर लगे हुए हैं। बुरहानपुर में कांग्रेस के सभी 95 विधायक राहुल गांधी और भारत यात्रियों का स्वागत करेंगे। खास बात ये है कि राज्य में प्रवेश करते ही दो दिनों का रेस्ट डे होगा। प्रदेश में पदयात्रा की शुरुआत 23 नवंबर से होगी।

यात्रा 74वें दिन यानी 20 नवंबर को देर शाम बुरहानपुर के रास्ते मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। जिले के बोदारली में गीता टेक्सटाइल के पास भारत यात्री रात्रि विश्राम करेंगे। 21 और 22 नवंबर रेस्ट डे है। यानी यात्रा 23 नवंबर से मध्य प्रदेश में यात्रा शुरू होगी। बोदारली बस स्टैंड से 77 वें दिन यात्रा शुरू होकर शाम को बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचेगी। झिरी इंजीनियरिंग कॉलेज में यात्री रात्रि विश्राम करेंगे।

यह भी पढ़ें: भाजपा के बहुत से विधायक हमारे संपर्क में हैं, पीसीसी चीफ कमलनाथ का बड़ा बयान

78 वें दिन यानी 24 नवंबर को सुबह यात्रा निंबोला बस स्टैंड से शुरू होगी। भारत यात्री दोपहर का लंच बुरगांव के बाहर रनवे होटल पर करेंगे। दोपहर विश्राम के बाद यात्रा खंडवा जिले में प्रवेश करेगी। खंडवा के रूस्तमपुर में रात्रि विश्राम होगा। 25 नवंबर को यात्रा रूस्तमपुर के गुप्तेश्वर मंदिर से शुरू होगी। शाम में यात्रा खरगोन जिले में प्रवेश करेगी। रात्रि विश्राम खरगोन के खेड़ा में होगा। यहां से अगले दिन यानी 26 नवंबर को यात्रा शुरू होकर शाम तक सनावद पहुंचेगी। जबकि रात्रि विश्राम की व्यवस्था खंडवा के मोरतक्का गांव में वैष्णव होटल के समीप किया गया है।

27 नवंबर यहां से यात्रा शुरू होकर शाम साढ़े पांच बजे तक बलवाड़ा स्थित मायापुर धाम मंदिर पहुंचेगी। यहां से राहुल गांधी बाबा साहब अम्बेडकर की जन्मस्थली महू पहुंचेंगे। 27 नवंबर की शाम करीब साढ़े 6 बजे राहुल गांधी संविधान निर्माता बाबा साहब अम्बेडकर को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। यहां बाबा साहब की प्रतिमा के पास कांग्रेस नेता संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे। महू में राहुल गांधी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यहां दशहरा मैदान में रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद यात्रा इंदौर में प्रवेश करेगी।

28 नवंबर को दशहरा मैदान से यात्रा राउ विधानसभा क्षेत्र में AU सिनेमा हॉल पहुंचेगी। यहां दोपहर पड़ाव के बाद इंदौर के राजवाड़ा तक पदयात्री चलेंगे। वहीं खालसा स्टेडियम में रात्रि विश्राम होगा। अगले दिन यानी 29 नवंबर को रेस्ट डे होगा। इंदौर में व्यवस्थाओं के संबंध में यात्रा आयोजन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह इंदौर में मंगलवार को स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो उपयात्रा के दौरान दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, MLA आरिफ मसूद ने मां नर्मदा को अर्पित की चुनरी

1 दिसंबर को यात्रा उज्जैन पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी सामाजिक न्यायिक परिसर (उज्जैन) में जनसभा को संबोधित करेंगे। उज्जैन से यात्रा आगर मालवा होते हुए राजस्थान प्रवेश करेगी। आगर मालवा में यात्रा तीन दिन रहेगी। 3, 4 और 5 दिसंबर को यात्रा आगर में रहेगी। राहुल गांधी आगर के सुसनेर स्थित जैन मंदिर और डोंगर गांव स्थित पीपलेश्वर बालाजी मंदिर का दर्शन दर्शन करेंगे। वहीं 5 दिसंबर की शाम यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी।

मध्य प्रदेश के लोगों में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर काफी उत्साह है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने बताया कि मध्य प्रदेश में लगभग एक लाख लोग प्रतिदिन राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल होकर कांग्रेस के उद्देश्य को सफल करेंगे।