MP Cabinet Expansion :दो बार के विधायक भारत सिंह कुशवाह बने राज्यमंत्री

MP New Cabinet : ग्वालियर क्षेत्र से इकलौते भाजपा विधायक, भारत सिंह कुशवाह राज्यमंत्री बनाये गए हैं

Publish: Jul 03, 2020, 04:14 AM IST

 

 बीजेपी ने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए कुल 8 विधायकों को राज्य मंत्री बनाया है। इसमें एक नाम भारत सिंह कुशवाह का भी है। भारत सिंह कुशवाह ग्वालियर ग्रामीण सीट से विधायक हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में भारत सिंह कुशवाह ने बहुजन समाज पार्टी के साहब सिंह गुर्जर को 1500 से अधिक वोटों से हराया था। 

ग्वालियर क्षेत्र के अन्तर्गत 6 विधानसभा सीटें, ग्वालियर, ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर पूर्व, ग्वालियर दक्षिण, डबरा और भीतरवार आती हैं। पिछले चुनाव के दौरान इस क्षेत्र से भारत सिंह कुशवाह भारतीय जनता पार्टी के चुनाव जीतने वाले इकलौते विधायक थे। बाकी पांच सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। ग्वालियर सीट पर बीजेपी के कद्दावर नेता जयभान सिंह पवैया तक प्रद्युम्न सिंह तोमर से चुनाव हार गए थे। ऐसी परिस्थिति में ग्वालियर क्षेत्र में बीजेपी के खिलाफ माहौल होने के बावजूद भारत सिंह कुशवाह अपनी सीट सुरक्षित रखने में कामयाब हो गए। अब जबकि बीजेपी ने अपना मंत्रिमंडल विस्तार किया है, ऐसे में कुशवाह को उनकी इस उपलब्धि के लिए राज्यमंत्री बनाया गया है।

भारत सिंह कुशवाह ने बमुश्किल बारहवीं तक की शिक्षा ग्रहण की है। कुशवाह राजनीति के साथ साथ कृषि क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। ग्रामीण जीवन का उनके ऊपर काफी प्रभाव रहा है। उनके विधानसभा क्षेत्र से आने वाले एक स्थानीय निवासी ने बताया कि कुशवाह अपने क्षेत्र की जनता के लिए हमेशा ही उपलब्ध रहते हैं। कुशवाह स्वभाव से काफी सरल व्यक्ति मालूम पड़ते हैं। इसी उपलब्धता और सरलता ने ग्वालियर क्षेत्र में बीजेपी के खिलाफ माहौल होने के बावजूद भारत सिंह कुशवाह को चुनाव में जीत दिला दी।