भोपाल में 46 वर्षीय महिला से रेप, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा आरोपी

महिला भोपाल के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर है, उसका एक 19 वर्षीय बच्चा भी है, बलात्कार का आरोपी सीहोर का रहने वाला है

Publish: Nov 17, 2021, 09:20 AM IST

भोपाल। राजधानी में एक 46 वर्षीय महिला से बलात्कार का मामला सामने आया है। भोपाल से सटे सीहोर का रहने वाला आरोपी महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। अब महिला ने टीटी नगर थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। 

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक इसी साल जनवरी महीने में अतुल नामक व्यक्ति के साथ उसकी सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। धीरे धीरे दोनों में बातचीत होने लगी। सीहोर में रहने वाला अतुल जुलाई महीने में पीड़िता से मिलने के लिए भोपाल आया था। आरोपी ने पीड़िता को सार्थक होटल में मिलने के लिए बुलाया था। 

आरोपी के बुलाने पर पीड़िता जब उससे होटल में मिलने पहुंची, तब आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता ने जब आरोपी का विरोध किया तब आरोपी ने उसे शादी का वादा कर चुप करा दिया। इसके बाद आरोपी ने कई बार शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। 

यह भी पढ़ें ः प्रेम विवाह से नाराज वहशी पिता ने बेटी को बनाया अपनी हवस का शिकार, फिर गला घोंटकर मार डाला

पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उससे कहा था कि वह अपनी पत्नी से अलग रहता है। लेकिन जल्द ही वह शादी से मुकर गया। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता तलाकशुदा है और उसका एक 19 वर्षीय लड़का बारहवीं में पढ़ता है। आरोपी अतुल सीहोर का रहने वाला है। वह अपने परिवार के साथ सीहोर में रहता है। इससे पहले वह भिलाई की रियल स्टेट कम्पनी में काम करता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।