MP कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, जीतू पटवारी बने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी

कांग्रेस ने पूर्व विधायक जीतू पटवारी मध्य प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष बने हैं। वहीं, उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष जबकि हेमंत कटारे को उप नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी मिली है।

Updated: Dec 16, 2023, 08:19 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में मिली अप्रत्याशित हार के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल किया गया है। जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस का कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस ने पूर्व सीएम कमलनाथ को पीसीसी चीफ पद से हटाकर जीतू पटवारी को यह जिम्मेदारी दी है। वहीं आदिवासी विधायक उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अटेर से युवा विधायक हेमंत कटारे उप नेता प्रतिपक्ष बनाए गए हैं।

बता दें कि जीतू पटवारी इंदौर के राउ से विधायक रह चुके हैं। हालांकि, इस बार उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। उन्हें भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा ने तकरीबन 35 हजार वोट से चुनाव हराया है। पटवारी ओबीसी वर्ग से आते हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार धार जिले की गंधवानी सीट से विधायक हैं। वे आदिवासी वर्ग से आते हैं। 

उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे भिंड जिले के अटेर विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने इस बार मंत्री रहे अरविंद भदौरिया को चुनाव में शिकस्त दी है। वे ब्राह्मण वर्ग से आते हैं। उनके दिवंगत पिता सत्यदेव कटारे भी नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं।