MP By Elections: बिसाहूलाल पर संगीन आरोप, पहली पत्नी ने लगाया मारपीट और ज़मीन हड़पने का इल्ज़ाम
अनूपपुर उपचुनाव 2020: शिवराज सरकार में खाद्य मंत्री और अनूपपुर से बीजेपी के उम्मीदवार बिसाहूलाल पर उनकी पहली पत्नी दुर्गावती ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं
 
                                        भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार के खाद्य मंत्री और अनूपपुर के बीजेपी उम्मीदवार बिसाहूलाल सिंह पर उनकी पहली पत्नी दुर्गावती ने संगीन आरोप लगाए हैं। दुर्गावती का आरोप है कि पूर्व कांग्रेसी विधायक ने उनकी संपत्ति हड़प ली है। दुर्गावती के मुताबिक बिसाहूलाल उनका इस्तेमाल केवल चुनाव के दौरान करते हैं, चुनाव होने के बाद वो कोई खोज खबर तक नहीं लेते। बिसाहूलाल की पहली पत्नी ने उन पर ज़मीन हड़पने और मारपीट का आरोप भी लगाया है। दुर्गावती का आरोप है कि शादी के बाद बिसाहूलाल सिंह ने उनकी 16 एकड़ ज़मीन पहले अपने पिता के नाम पर करवा ली। उसके बाद जब बिसाहूलाल के पिता परलोक सिधार गए, तब बिसाहूलाल ने पूरी संपत्ति अपने नाम करवा ली।
मेरा राजनीतिक इस्तेमाल करते हैं बिसाहूलाल : दुर्गावती
दुर्गावती ने कहा है कि बिसाहूलाल उनका राजनीतिक इस्तेमाल करते हैं। जब भी चुनाव आता है तब प्रचार के दौरान उन्हें भी शामिल किया जाता है। लेकिन चुनाव बीतते ही उनकी कोई खोज खबर नहीं लेते। दुर्गावती ने अपनी निजी ज़िंदगी पर बात करते हुए कहा कि बिसाहूलाल के साथ वे तकरीबन दो साल तक रहीं। इस दौरान बिसाहूलाल ने उनके साथ मारपीट की। दुर्गावती ने अपने पति पर पागल घोषित करने का भी आरोप लगाया है। दुर्गावती का आरोप है कि बिसाहूलाल सिंह ने एक अन्य औरत के चक्कर में उन्हें यातनाएं दी हैं।
बिसाहूलाल पहले कांग्रेस में थे, लेकिन पाला बदलने के बाद इस बार वे अनूपपुर से बीजेपी के प्रत्याशी हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह से है। बिसाहूलाल इस पूरे चुनाव में विवादित चेहरा बनकर उभरे हैं। पहले उनके ऊपर चुनाव प्रभावित करने के लिए अनाज जमा करने के आरोप लगे। इसके बाद उनका लोगों को नोट बांटते हुए वीडियो वायरल हुआ। अपने प्रतिद्वंदी विश्वनाथ सिंह की पत्नी के बारे में अभद्र टिप्पणी करने को लेकर भी बिसाहूलाल को चौतरफा आलोचना का सामना करना पड़ा।




 
                             
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
                                    
                                 
                                     
                                     
                                     
								 
								 
								 
								 
								 
 
 
								 
								 
 
								