भाजपा चुनाव हार चुकी है, कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में आ जाएं: कमलनाथ
कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अपने काम में जुट जाएं और निष्पक्ष मतगणना कराएं, कुछ एग्जिट पोल जानबूझकर इसलिए बनाए गए हैं कि आप निराश हों।

भोपाल। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने में महज कुछ घंटे ही शेष हैं। काउंटिंग से पहले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सामने आए एग्जिट पोल्स को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। अधिकांश एग्जिट पोल्स कांग्रेस के पक्ष में हैं। हालांकि, कुछ एजेंसियों ने अप्रत्याशित रूप से भाजपा की जीत का अनुमान जताया है। एग्जिट पोल्स पर प्रतिक्रिया देते हुए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा है कि झूठा माहौल बनाकर अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए ऐसा किया गया है।
पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम बयान जारी कर कहा, 'कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में आ जाएं। भाजपा चुनाव हार चुकी है। कुछ एग्जिट पोल जानबूझकर इसलिए बनाए गए हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ता निराश हों और झूठा माहौल दिखाकर अधिकारियों पर दबाव बनाया जाए। यह षड्यंत्र कामयाब होने वाला नहीं है।'
कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में आ जाएं। भाजपा चुनाव हार चुकी है। कुछ एग्जिट पोल जानबूझकर इसलिए बनाए गए हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ता निराश हों और झूठा माहौल दिखाकर अधिकारियों पर दबाव बनाया जाए।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) December 1, 2023
यह षड्यंत्र कामयाब होने वाला नहीं है। कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, जिला… pic.twitter.com/omvbE1cuLM
कमलनाथ ने आगे कहा, 'कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चा संगठनों के प्रमुख और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी अपने-अपने काम में जुट जाएं और निष्पक्ष मतगणना कराएं। हम सब जीत के लिए तैयार हैं। हम सब एकजुट हैं। आपको कोई भी समस्या लगती है तो आप सीधे मुझसे बात करें। 3 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी की सरकार बन रही है।'
इससे पहले प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की अपील करते हुए एक ट्वीट में लिखा, 'कांग्रेस के ऊर्जावान साथियो, सूर्य ने संध्या काल में अस्त होते हुए पूछा कि सुबह तक इस अंधियार से लड़ने का दायित्व कौन लेगा। तब एक दीपक ने कहा कि इस घनघोर अंधियार से सूर्य की पहली किरण तक मैं पूरी दृढ़ता से लड़ूंगा। साथियों, आप दीपक की तरह 18 सालों तक भाजपाई सत्ता के घनघोर अंधियार से लड़े हैं। मैं पूरी तरह आश्वस्त हूँ कि 3 दिसंबर को जो सूर्योदय होगा वह भाजपाई सत्ता के कुशासन का अंत करने वाला होगा तथा कांग्रेस 135 से अधिक सीटें जीत कर अपने वचनों को पूरा करेगी।