शेयर मार्केट में बंपर उछाल, सेंसेक्स 1500 और निफ्टी 400 अंक उछला, 6 दिन में 5500 अंक की बढ़त
मिडटर्म चुनाव में ट्रम्प की पार्टी दोनों सदनों में हार गई। इससे ईरान जंग रुकने की उम्मीद बढ़ी है। जंग थमने पर कारोबार आसान होगा। इसलिए बाजार में रौनक लौटी है।
मुंबई। अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की हार के बाद आज भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बाद दलाल स्ट्रीट में दिवाली दिख रही है। शेयर मार्केट खुलते ही सेंसेक्स में 1500 अंकों का उछाल देखा गया। वहीं निफ्टी में भी जबरदस्त तेजी देखी जा रही है।
सेंसेक्स 1500 अंक या 1.90% चढ़कर 78,800 पर पहुंच गया। इस तेजी से निवेशकों की दौलत ₹8 लाख करोड़ से ज्यादा बढ़ गई। निफ्टी में भी 400 अंक या 1.80% की तेजी है, ये 24,400 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी ने 4 सितंबर के बाद पहली बार 24 हजार का आंकड़ा पार किया।
दरअसल, अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव में ट्रम्प की पार्टी दोनों सदनों में हार गई। इससे ईरान जंग रुकने की उम्मीद बढ़ी है। जंग थमने पर कारोबार आसान होगा। इसलिए लोग बाजार में लौटे। नतीजों के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में भी अच्छी तेजी रही। ईरान जंग जल्द खत्म होने की संभावना से ब्रेंट क्रूड टूटकर 94 डॉलर और अमेरिकी WTI क्रूड 87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।
भारत अपनी जरूरत का 80% से ज्यादा कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता होने पर देश का आयात बिल घट सकता है, जो इकोनॉमी को मजबूती दे सकता है। सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों से सेंटिमेंट सुधरा है। रिलायंस, इंफोसिस और टीसीएस जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है।सेंसेक्स के टॉप 30 में शामिल कंपनियों के शेयरों में बढ़त से ही सेंसेक्स बढ़ता है। गुरुवार को इनमें से ज्यादातर कंपनियों के शेयरों में उछाल आया है।
इसके साथ ही जब भी डॉलर सस्ता होता है, तो विदेशी निवेशक भारत जैसे उभरते बाजारों में जमकर पैसा लगाते हैं। इससे सेंसेक्स-निफ्टी तेजी से ऊपर चढ़ रहे हैं। शेयर बाजार में तेजी का आज लगातार छठवां दिन है। 28 अक्टूबर से लेकर 5 नवंबर के दौरान सेंसेक्स 73,246 से उछलकर 79,000 के स्तर पर पहुंच गया है। इससे पहले 15 अक्टूबर को बाजार 1533 अंक चढ़कर बंद हुआ था। वहीं 8 अप्रैल को सेंसेक्स 2,946 अंक चढ़ा था जो इस साल की सबसे बड़ी बढ़त है।




