अंग्रेजों की तरह फूट डालो और राज करो की नीति अपना रही है बीजेपी, सीहोर में बोले दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने सीहोर में मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि मंदिर निर्माण कार्य पूरा होने पर वे रामलला के दर्शन करने जाएंगे।

Updated: Jan 21, 2024, 09:47 PM IST

सीहोर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रविवार को सीहोर पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा अंग्रेजों की तरह फूट डालो और राज करो की नीति अपना रही है।

रविवार की दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान राम मंदिर निर्माण से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा उसके बाद वह रामलला के दर्शन करने जाएंगे।

पूर्व सीएम ने भारतीय जनता पार्टी पर धर्म के आड़ में राजनीति करने के भी आरोप लगाए। सिंह ने कहा कि 3 महीने बाद भी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो सकती थी, लेकिन लोकसभा चुनाव में लाभ लेने के लिए निर्माणाधीन मंदिर में जनवरी में प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है।

सिंह ने कहा कि श्रीराम में हिंदू तो आस्था रखते ही हैं, लेकिन मुस्लिम और ईसाई भी श्रीराम में आस्था रखते हैं, क्योंकि भगवान श्री राम ने पिता का वचन निभाने के लिए वनवास जाने का फैसला किया था। इसलिए मर्यादा पुरुषोत्तम राम को सभी धर्म के लोग आस्था के साथ पूजते हैं।