BJP MLA ने तिरंगे की जगह फहराया था भगवा, दिग्विजय सिंह की आपत्ति के बाद प्रशासन ने हटाया

3 दिसंबर को राजगढ़ के भारत माता चौराहे पर बीजेपी विधायक अमर सिंह यादव ने तिरंगे की जगह भगवा झंडा फहराया था। इसे लेकर दिग्विजय सिंह ने आपत्ति जताई थी।

Updated: Dec 23, 2024, 11:00 AM IST

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय स्थित भारत माता चौक पर लहरा रहे भगवा झंडे को प्रशासन ने हटा दिया है। सोमवार को वहां फिर से तिरंगा लहराएगा। कांग्रेस की कड़ी आपत्ति के बाद प्रशासन ने ये कार्रवाई की है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इसके लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था। हालांकि, तीन घंटे के भीतर ही प्रशासन ने उसे हटा दिया।

दरअसल, भारत माता चौक स्थित उस खंभे पर पहले राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहा था। राजगढ़ से भाजपा विधायक अमर सिंह यादव ने 3 दिसंबर को उसे हटाकर केसरिया झंडा लगा दिया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को रविवार को राजगढ़ दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी दी। इसपर सिंह ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था। सिंह ने राजगढ़ कलेक्टर को चेतावनी देते हुए कहा कि 24 दिसंबर तक आप उस केसरिया झंडे को उतारकर तिरंगा लगा दीजिए, नहीं तो हम उसे उतारकर वहां तिरंगा झंडा लहराएंगे। इस चेतावनी के कुछ देर बाद ही नगर पालिका ने चौक से भगवा झंडा हटा लिया।

पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केसरिया झंडा लगाओ लेकिन मंदिर पर लागाओ। राघौगढ़ किले पर आज भी केसरिया झंडा लगा है जाकर देख लो। लेकिन - भारत माता के पास तो तिरंगा झंडा ही लगा रहना चाहिए। अभी प्रतिमा पर छोटा सा तिरंगा झंडा लगाया हुआ है। वहां लगा बड़ा तिरंगा ध्वज क्यों - हटाया गया? उन्होंने कहा कि हम - लोग कलेक्टर से अनुरोध करते हैं कि या तो आप 24 दिसंबर तक केसरिया झंडे को उतारकर तिरंगा लगा दीजिए। नहीं तो हम उसे उतारकर वहां तिरंगा झंडा लहराएंगे। 

यह भी पढ़ें: एक देश, एक चुनाव बिल के पारित होने पर संदेह, दिग्विजय सिंह ने संसद में धक्का मुक्की के आरोपों को बताया झूठ

बता दें कि राजगढ़ में 3 दिसंबर को बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरुद्ध भाजपा ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान जिला मुख्यालय पर स्थित खिलचीपुर नाके पर भारत माता की प्रतिमा के समीप लगे 100 फीट ऊंचे लंबे पोल पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की जगह भगवा झंडा फहराया गया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। राष्ट्रीय ध्वज के अपमान को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश था। हालांकि, किसी ने खुलकर विरोध नहीं किया। अब दिग्विजय सिंह की आपत्ति के बाद प्रशासन ने वापस तिरंगा फहराने की कवायद शुरू की है।