सिंगरौली में BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की चुनावी सभा फ्लॉप, टिकट वितरण से नाराज वरिष्ठ नेता दिखे नदारद

चुनावी सभा के उपरांत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की गोपनीय बैठक लेते हुए टिकट वितरण के दौरान उपजे असंतोष को खत्म करने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं से चर्चा की.... लेकिन यहां भी सिंगरौली भाजपा के कई वरिष्ठ चेहरे नजर नहीं आए

Updated: Jun 24, 2022, 06:45 AM IST

Photo Courtesy: Thesootr
Photo Courtesy: Thesootr

सिंगरौली।  मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के मतदान में कुछ ही दिनों का समय शेष है। कांग्रेस, भाजपा अपने अपने महापौर, पार्षद प्रत्याशियों को जिताने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे है। लेकिन टिकट वितरण से नाराज नेताओं की नाराजगी नजर आने लगी है। सिंगरौली में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की गुरुवार को आयोजित चुनावी सभा फ्लॉप हो गई। नगर निगम में टिकट वितरण से नाराज कई वरिष्ठ भाजपा नेता रामलीला मैदान, सिंगरौली में आयोजित चुनावी सभा से नदारद रहे।

दरअसल वीडी शर्मा और प्रभारी मंत्री बृजेन्द्र सिंह सिंगरौली नगर निगम में भाजपा महापौर पद प्रत्याशी चंद्रप्रताप विश्वकर्मा के समर्थन में मतदाताओं से अपील करने पहुंचे थे। पहले इस चुनावी सभा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आना भी प्रस्तावित था लेकिन मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो गया। जिसके कारण इस चुनावी सभा को सुनने बहुत कम लोग पहुंचे और ज्यादातर कुर्सियां खाली दिखी। स्थानीय नेताओं की भीड़ जुटाने की असमर्थता साफ दिखाई दी। सभा स्थल पर भीड का नहीं जुटना जनचर्चा का विषय बना रहा। 

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने रामलीला मैदान में आयोजित प्रथम चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा का महापौर बनाते ही देश, प्रदेश के साथ सिंगरौली में ट्रिपल इंजन की सरकार बन जायेगी, यहां के विकास की नई इबारत गढ़ेगी। देश में बीजेपी की डबल इंजन सरकार है जो विकास की नई इबारत लिख रही है लेकिन नगर सरकार बनवाते हैं तो  बीजेपी की ट्रिपल इंजन सरकार बन जायेगी। जिसके बाद जिले के नगर से लेकर प्रदेश व देश का चहुंमुखी विकास होगा।

यह भी पढ़ें: MP: SC, ST और OBC कैटेगरी के 7 लाख स्टूडेंट्स को नहीं मिली पिछले साल की छात्रवृत्ति

इस दौरान चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अकेले सिंगरौली जिले के विकास व बुनियादी सुविधाओं के लिए 12 हजार करोड़ का बजट बनाया है।  कई बेशकीमती खनिज संपदाओं से भरपूर सिंगरौली के विकास में कोई कमी नहीं आयेगी। स्थानीय पत्रकारों से प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनावी सभा के उपरांत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की गोपनीय बैठक लेते हुए टिकट वितरण के दौरान उपजे असंतोष को खत्म करने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं से चर्चा की। लेकिन यहां भी सिंगरौली भाजपा के कई वरिष्ठ चेहरे नजर नहीं आए।