मध्य प्रदेश में 60 से 65 सीटों पर सिमट जाएगी BJP, आईबी सूत्रों के हवाले से विवेक तन्खा का बड़ा दावा

भाजपा के खिलाफ जनता में काफी आक्रोश है, मुझे आईबी के सूत्रों ने कहा है कि एमपी में बीजेपी को 65 से ज्यादा सीटें नही मिल रही हैं: राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा

Updated: Sep 25, 2023, 05:33 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव पूर्व हो रहे तमाम सर्वे रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस को बढ़त है। हालांकि, भाजपा भी लोकलुभावने वादे कर सत्ता में बने रहने की कोशिशें कर रही है। इसी बीच राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने इंटेलिजेंस रिपोर्ट के हवाले से बताया है कि प्रदेश में भाजपा 60 से 65 सीटों पर सिमटकर रह जाएगी।

इंदौर पहुंचे अधिवक्ता व कांग्रेस सांसद ने मीडिया से बातचीत ने दौरान कहा कि मध्य प्रदेश के लोगों में बहुत ज्यादा एंटी इंकम्बेंसी है। लोग अब थक चुके हैं। वोटर अब नए चेहरे और नए लोग चाहता है। जो पार्टी नए चेहरे और अच्छे चेहरे देगी उसे जनता चुनेगी। मुझे आईबी के सूत्रों ने कहा है कि एमपी में बीजेपी को 65 से ज्यादा सीटें नही मिल रही हैं। कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची को लेकर राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्रत्याशियों की लिस्ट जल्दी आएगी। जो जिताऊ कैंडिडेट होगा उसे ही टिकट दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: CM शिवराज की झूठ से PM मोदी भी त्रस्त हैं, इसीलिए उन्हें चुनाव अभियान से उन्हें बाहर कर दिया: कमलनाथ

पीएम मोदी के भोपाल दौरे पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता विवेक तंखा ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की हार तय है और इसी से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व भी परेशान है। इसीलिए उन्हें बार-बार मध्य प्रदेश में आना पड़ रहा है। जन आक्रोश यात्रा पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी का ये आरोप गलत है कि कांग्रेस के खिलाफ जनता का आक्रोश है। हमें काम करने का मौका ही कहा मिला। आक्रोश तो बीजेपी के खिलाफ लोगों में है। 

तन्खा ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कहा कि बीजेपी को एक जुमला करना था जो उन्होंने कर लिया। अब वे कहते हैं कि 2029 में ये लागू होगा। अब वो 29 में होगा कि 39 में ये ईश्वर जाने। क्योंकि अभी वे कहते हैं कि जनगणना होगा, जनगणना के बाद डिलिमिटेशन होगा, डिलिमिटेशन के बाद रिजर्वेशन होगा। मुझे तो लगा कि ये बिल उन्होनें इसलिए पास किया के वे एक इवेंट चाहते थे और वो इवेंट उन्होंने पूरा कर लिया। महिला आरक्षण ऐसी चीज है जिसका कोई विरोध कर नही सकता। मैं कहना चाहता हूं कि बीजेपी ने केवल रस्मअदाई की है बल्कि उनका उद्देश्य महिलाओं को आरक्षण देना कभी रहा ही नहीं।