विपक्ष को अनैतिक हथकंडे अपनाकर समाप्त करना चाहती है केंद्र सरकार, कमलनाथ ने भाजपा पर बोला हमला

इसलिए भारत के जागरूक नागरिकों को अपनी ज़िम्मेदारी पूरी प्रतिबद्धता से निभानी है। मौक़ापरस्तों को पहचानना है और जनता की सेवा करने वालों के साथ खड़े रहना है: कमलनाथ

Updated: Mar 22, 2024, 02:25 PM IST

भोपाल। कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किए जाने और केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार की खूब आलोचना हो रही है। विपक्षी नेताओं ने इसे मोदी सरकार की तानाशाही करार दिया है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लोगों से कहा है कि हमें मौकापरस्तों को पहचानना है।

कमलनाथ में ट्वीट किया, 'भारतीय राजनीति में विपक्षी दलों की एकता की इस समय जितनी आवश्यकता है, उतनी ज़रूरत पिछले 75 साल में शायद ही पहले कभी रही हो। वर्तमान सत्ताधारी दल के इरादे एकदम स्पष्ट हैं, आम चुनाव से पहले वह विपक्ष से लड़ना नहीं, बल्कि विपक्ष को अनैतिक हथकंडे अपनाकर समाप्त कर देना चाहता है।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'राजनैतिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को डराना, धमकाना, तोड़ना, गिरफ़्तार करना और जेल भेजना इसी कुचक्र का हिस्सा हैं। यह जो दमन चक्र चलाया जा रहा है, उसका सिर्फ़ एक मक़सद है कि भारत की आज़ादी के बाद जो सत्ता जनता के हाथों में दी गई थी, उसे जनता के हाथ से छीन कर तानाशाही के हाथ में दे देना।'

पूर्व मुख्यमंत्री ने आखिर में लिखा कि इसलिए भारत के जागरूक नागरिकों को अपनी ज़िम्मेदारी पूरी प्रतिबद्धता से निभानी है। मौक़ापरस्तों को पहचानना है और जनता की सेवा करने वालों के साथ  खड़े रहना है। हम सब मिलकर अपने लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और इसे मज़बूत बनाएंगे।